जुनवानी रोड नाले पर बनेगा नया ब्रिज, 10 करोड़ 67 लाख रु.की मिली स्वीकृति
दशकों पुराने पुल को मिलेगा नया स्वरूप, यातायात दबाव और ओवरफ्लो समस्या से राहत
भिलाई नगर-वैशाली नगर विधानसभा क्षेत्र में सड़क, यातायात और नागरिक सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम सामने आया है। वैशाली नगर विधायक रिकेश सेन के प्रयासों से जुनवानी रोड स्थित नाले पर नए ब्रिज के निर्माण के लिए 10 करोड़ 67 लाख रुपये की स्वीकृति मिली है। लंबे समय से क्षेत्र की यातायात व्यवस्था और बरसात के दौरान नाले के ओवरफ्लो से जुड़ी समस्याओं के समाधान की मांग अब धरातल पर उतरती दिखाई दे रही है।
नया ब्रिज बनने से आवागमन को सुगमता मिलने के साथ-साथ पुराने पुल से जुड़ी सुरक्षा संबंधी आशंकाओं को भी कम करने में मदद मिलेगी। विशेषकर बारिश के दौरान नाले में पानी बढ़ने और ओवरफ्लो की स्थिति में लोगों को होने वाली परेशानी का स्थायी समाधान मिलने की उम्मीद है।
वैशाली नगर विधानसभा में सड़क, नाली, जल निकासी और नागरिक सुविधाओं से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता देने की आवश्यकता लंबे समय से महसूस की जाती रही है। ऐसे में जुनवानी रोड का यह ब्रिज प्रोजेक्ट सुरक्षित आवागमन, बेहतर कनेक्टिविटी और बरसाती समस्या के समाधान सहित तीनों मोर्चों पर महत्वपूर्ण साबित हो सकता है। विधायक रिकेश सेन ने कहा कि 10 करोड़ 67 लाख की यह स्वीकृति जुनवानी रोड के लिए महज एक निर्माण परियोजना नहीं, बल्कि पुराने ढांचे को भविष्य की जरूरतों के अनुरूप बदलने की दिशा में उठाया गया बड़ा कदम है। आने वाले समय में नया ब्रिज इस महत्वपूर्ण मार्ग की तस्वीर और यातायात व्यवस्था दोनों को नया स्वरूप देने की क्षमता रखता है।
The post जुनवानी रोड नाले पर बनेगा नया ब्रिज, 10 करोड़ 67 लाख रु.की मिली स्वीकृति appeared first on Pramodan News.