सुशासन तिहार के जनसमस्या शिविर में उमड़ी लोगों की भीड़, 149 आवेदन मिले

नंदिनी अहिवारा। छत्तीसगढ़ शासन द्वारा आयोजित “सुशासन तिहार 2026” के अंतर्गत शुक्रवार को वार्ड क्रमांक 03 स्थित मंगल भवन में जन समस्या शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में शासन के विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर नागरिकों की समस्याओं का समाधान किया गया तथा विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।
शिविर में वार्ड क्रमांक 05, 06, 07 एवं 08 सहित नगर के विभिन्न वार्डों से बड़ी संख्या में नागरिक पहुंचे। लोगों ने अपनी मांग एवं शिकायतों से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए तथा विभागीय सेवाओं का लाभ उठाया। शिविर में कुल 149 मांग एवं शिकायत संबंधी आवेदन प्राप्त हुए।
महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा 49 महिला हितग्राहियों का ई-केवाईसी किया गया। वहीं 21 हितग्राहियों के आधार अपडेट किए गए तथा 4 लोगों के नए आधार कार्ड तत्काल बनाए गए। शिविर में 4 गर्भवती महिलाओं की गोद भराई कार्यक्रम भी आयोजित किया गया।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा 122 लोगों की आभा आईडी बनाई गई तथा 53 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर दवाइयों का वितरण किया गया। आयुष विभाग ने 67 मरीजों का परीक्षण कर आयुर्वेदिक दवाइयां वितरित कीं। परिवहन विभाग द्वारा 22 लोगों के लर्निंग लाइसेंस बनाए गए।
इसके अलावा राष्ट्रीय परिवार सहायता योजना अंतर्गत 4 महिला हितग्राहियों को 20-20 हजार रुपए के स्वीकृति पत्र प्रदान किए गए। पात्र हितग्राहियों को पेंशन स्वीकृति पत्र एवं 4 लोगों को राशन कार्ड भी वितरित किए गए।
आगामी स्वच्छ सर्वेक्षण को ध्यान में रखते हुए शिविर में शहर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने के लिए नागरिकों से सहयोग की अपील की गई तथा जागरूकता पाम्पलेट का अनावरण भी किया गया।
शिविर में नगर पालिका अध्यक्ष विद्यानंद कुशवाहा, अनुविभागीय अधिकारी भिलाई-03 महेश सिंह राजपूत, मुख्य नगर पालिका अधिकारी प्रवीण सिंह गहलोत, डीएसपी दानेश्वर साहू, तहसीलदार राधे वर्मा सहित विभिन्न वार्डों के पार्षद, ब्लॉक स्तरीय अधिकारी एवं नगर पालिका कर्मचारी उपस्थित रहे।
वहीं शिविर के दौरान अटल चौक क्षेत्र में यातायात एवं अतिक्रमण व्यवस्था को लेकर मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) द्वारा कार्रवाई भी की गई।



