इंडियन जर्नलिस्ट फेडरेशन छत्तीसगढ़ में बड़ा संगठनात्मक बदलाव, बैठक में नई नियुक्तियों पर अहम फैसले

भिलाई। इंडियन जर्नलिस्ट फेडरेशन छत्तीसगढ़ की मासिक बैठक शुक्रवार, 31 जुलाई 2026 को सेक्टर-10 स्थित उत्कल होटल, भिलाई में आयोजित की गई। बैठक में संगठन की गतिविधियों की समीक्षा, संगठन विस्तार, नई नियुक्तियों तथा आगामी कार्ययोजना को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष श्री अश्विनी कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि छत्तीसगढ़ में संगठन को कार्य करते हुए तीन माह पूरे हो चुके हैं। अब संगठन को और अधिक सक्रिय एवं मजबूत बनाने के लिए निष्क्रिय पदाधिकारियों की समीक्षा की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जो पदाधिकारी लगातार संगठनात्मक गतिविधियों और बैठकों से दूर रहे हैं, उन्हें जिम्मेदारियों से मुक्त कर नए और सक्रिय कार्यकर्ताओं को अवसर दिया जाएगा।
इसी क्रम में सर्वसम्मति से निर्णय लेते हुए अहिवारा क्षेत्र के राकेश जसपाल को प्रदेश सचिव पद से मुक्त कर दिया गया। संगठन ने बताया कि उनकी लगातार निष्क्रियता और बैठकों में अनुपस्थिति को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है। उनके स्थान पर रामपाल नाभिक को इंडियन जर्नलिस्ट फेडरेशन छत्तीसगढ़ का नया प्रदेश सचिव नियुक्त किया गया। प्रदेश अध्यक्ष ने नवनियुक्त पदाधिकारी को शुभकामनाएं देते हुए संगठन को मजबूती से आगे बढ़ाने की अपेक्षा जताई।
बैठक में नवनियुक्त प्रदेश महासचिव ईश्वर बारले ने कहा कि संगठन के विस्तार के लिए प्रदेशभर में सदस्यता अभियान को गति दी जाएगी। उन्होंने बताया कि विभिन्न क्षेत्रों में वॉल राइटिंग, होर्डिंग, जनसंपर्क अभियान और पत्रकार संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिससे अधिक से अधिक पत्रकार संगठन से जुड़ सकें। उन्होंने सभी पदाधिकारियों से इन अभियानों में सक्रिय सहयोग देने का आग्रह किया।
प्रदेश उपाध्यक्ष कुंवर सिंह चौहान ने कहा कि संगठन की मजबूती सभी पदाधिकारियों और सदस्यों की एकजुटता से ही संभव है। उन्होंने कहा कि पत्रकारों के हितों की रक्षा और संगठन के विस्तार के लिए सभी को मिलकर कार्य करना होगा।
बैठक में संगठन की आगामी गतिविधियों, सदस्यता अभियान और जिला स्तर पर बैठकों के आयोजन को लेकर भी विस्तृत चर्चा की गई। अंत में सभी पदाधिकारियों ने संगठन को प्रदेश के प्रत्येक जिले तक मजबूत करने का संकल्प लिया।
बैठक में प्रमुख रूप से कुंवर सिंह चौहान, रामपाल नाभिक, रितेश कुमार, जमीर खान, योगेश्वर, अविनाश साहू, विजय कुमार, ईश्वर बारले, सुरेश गुप्ता, गुरमीत सिंह मेहरा, किसान मालवीय, अभिलाष दीक्षित, नवनीत मिश्रा, हेमराज अमेरिका सहित अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।



