——
छत्तीसगढ़विविध ख़बरें

गृहमंत्री का PA बताकर नौकरी का झांसा, 15 लोगों से 25 लाख ठगने वाले 2 आरोपी गिरफ्तार

रायपुर।  सरकारी नौकरी लगवाने और कर्मचारियों का मनचाहा स्थानांतरण कराने का झांसा देकर लाखों रुपये की ठगी करने वाले दो आरोपियों को सिविल लाइन पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने प्रभावशाली लोगों से करीबी होने का दावा कर लोगों को अपने जाल में फंसाया। इनमें से एक आरोपी खुद को गृहमंत्री का निजी सहायक (PA) बताकर लोगों पर रौब जमाता था।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आदित्य मोहन पंडा (23), निवासी कमल विहार रायपुर और संतराम यादव (38), निवासी हिमालया हाइट्स, देवपुरी रायपुर के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में दोनों ने करीब 15 लोगों से लगभग 25 लाख रुपये लेने की बात स्वीकार की है। पुलिस के अनुसार, मामले की शुरुआत बोस्टो तांडी की शिकायत से हुई। प्रार्थी ने सिविल लाइन थाने में शिकायत देते हुए बताया कि आदित्य मोहन पंडा और संतराम यादव ने उसे सरकारी नौकरी लगवाने का भरोसा दिलाया था।

आदित्य ने खुद को गृहमंत्री का निजी सहायक बताते हुए नौकरी लगवाने का दावा किया। इसके बदले उसने प्रार्थी से 70 हजार रुपये लिए। रकम लेने के बाद भी जब नौकरी नहीं लगी तो प्रार्थी को ठगी का शक हुआ और उसने पुलिस से शिकायत कर दी। शिकायत मिलने के बाद सिविल लाइन पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने प्रार्थी और अन्य संभावित गवाहों से पूछताछ की। जांच आगे बढ़ी तो आरोपियों के बारे में कई अहम जानकारियां सामने आईं।

पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपी केवल सरकारी नौकरी लगवाने का झांसा ही नहीं देते थे, बल्कि सरकारी कर्मचारियों का स्थानांतरण कराने का दावा करके भी लोगों से पैसे लेते थे। प्रभावशाली अधिकारियों और नेताओं से संपर्क होने की बात कहकर वे लोगों को भरोसे में लेते थे।

Related Articles

Back to top button