चरित्र पर शक बना खूनी वारदात की वजह: पत्नी की हत्या कर भागने से पहले ही पति गिरफ्तार

चरित्र संदेह में पत्नी की हत्या, आरोपी पति घटना के तुरंत बाद गिरफ्तार
दुर्ग। जिले के कुम्हारी थाना क्षेत्र में चरित्र संदेह के चलते एक युवक द्वारा अपनी पत्नी की हत्या किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति को घटना के तुरंत बाद गिरफ्तार कर लिया और हत्या में प्रयुक्त धारदार हथियार भी बरामद कर लिया।
पुलिस के अनुसार, 2 अगस्त 2026 की सुबह करीब 8:15 बजे वार्ड क्रमांक 4, महामाया पारा, कुम्हारी निवासी घनश्याम यादव (24 वर्ष) ने अपनी पत्नी दुर्गा यादव (24 वर्ष) पर कथित चरित्र संदेह के चलते घर का दरवाजा अंदर से बंद कर धारदार हथियार (हंसिया/परसुल) से हमला कर दिया। गंभीर चोटों के कारण महिला की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मृतका के परिजन द्वारा थाना कुम्हारी पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी घनश्याम यादव को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने घटनास्थल से हत्या में प्रयुक्त धारदार हथियार भी जब्त कर लिया।
प्रारंभिक जांच में पुलिस ने बताया कि आरोपी अपनी पत्नी के चरित्र पर संदेह करता था और इसी कारण दोनों के बीच विवाद होता रहता था। इसी विवाद के चलते आरोपी ने वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस ने शव का पंचनामा एवं पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी कर आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया। आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी पारिवारिक या व्यक्तिगत विवाद की स्थिति में कानून को अपने हाथ में न लें। विवादों का समाधान शांतिपूर्ण और कानूनी तरीके से करें तथा आवश्यकता पड़ने पर पुलिस की सहायता लें। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कानून हाथ में लेने वालों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।



