——
छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ में मानसून की विदाई शुरू होने के संकेत, 2-3 दिन में बदल सकता है मौसम

रायपुर। छत्तीसगढ़ में बारिश का दौर फिलहाल थम गया है और तापमान में बढ़ोतरी होने लगी है। मौसम विभाग के मुताबिक 1 अक्टूबर को प्रदेश में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने की संभावना है। अगले दो दिनों में भी बारिश के आसार कम हैं। किसी भी जिले के लिए फिलहाल कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है।

राजधानी रायपुर में आज मौसम साफ रहने का अनुमान है। यहां अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान करीब 24 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। बुधवार को रायपुर में दिन का तापमान 33.7 डिग्री और रात का तापमान 24.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। बारिश रुकने के साथ ही दिन के तापमान में बढ़ोतरी देखने को मिल रही है।

प्रदेश में कहीं दर्ज नहीं हुई महत्वपूर्ण बारिश

पिछले 24 घंटे के दौरान प्रदेश के लगभग सभी हिस्सों में मौसम शुष्क रहा। मौसम विभाग के अनुसार किसी भी स्थान पर महत्वपूर्ण बारिश दर्ज नहीं की गई। राजनांदगांव में सबसे अधिक 34 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। यहां सुबह से ही तेज धूप रही।

वहीं, उत्तरी छत्तीसगढ़ में रात के तापमान में गिरावट जारी है। पेंड्रा रोड में न्यूनतम तापमान 18.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इससे मैदानी और उत्तरी इलाकों के तापमान में अंतर साफ नजर आ रहा है।

2-3 दिन में मानसून की वापसी के अनुकूल स्थिति

मौसम विभाग के अनुसार अगले 2-3 दिनों के दौरान छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों से दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी के लिए परिस्थितियां अनुकूल होने की संभावना है। ऐसे में प्रदेश में मानसून की विदाई का दौर शुरू हो सकता है।

फिलहाल उत्तर-पश्चिम और उससे लगे पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी में साइक्लोनिक सर्कुलेशन बना हुआ है। इसके अलावा दक्षिण-पूर्वी उत्तर प्रदेश और उससे लगे बिहार में भी एक मौसम सिस्टम सक्रिय है। हालांकि, इसका छत्तीसगढ़ में तत्काल बारिश पर ज्यादा असर पड़ने की संभावना नहीं है।

Related Articles

Back to top button