——
छत्तीसगढ़

दो बेटियों की मां की संदिग्ध मौत, एक लाख रुपये के लिए प्रताड़ित करने का आरोप, परिजनों ने अस्पताल में किया हंगामा

बिलासपुर। जिले के सकरी थाना क्षेत्र के सैदा में 26 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। दो बेटियों की मां की मौत के बाद मायके पक्ष ने पति और ससुराल वालों पर प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए हैं। परिजनों का आरोप है कि दूसरी बेटी के जन्म के बाद से ही पति मायके से एक लाख रुपये लाने का दबाव बना रहा था। वहीं, विवाहिता के गले पर चोट के निशान होने का दावा करते हुए परिजनों ने सिम्स में जमकर हंगामा किया। फिलहाल पुलिस ने दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

सकरी क्षेत्र के सैदा में शनिवार रात 26 वर्षीय दुर्गा निर्मलकर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। दुर्गा की मौत की खबर मिलते ही रविवार को बड़ी संख्या में उसके मायके वाले सिम्स पहुंच गए और पति रोहित निर्मलकर सहित ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाते हुए हंगामा किया। मृतका के भाई विदेशी राम निर्मलकर का आरोप है कि वर्ष 2022 में शादी के बाद से ही दुर्गा को प्रताड़ित किया जा रहा था। दूसरी बेटी के जन्म के बाद पति उस पर मायके से एक लाख रुपये लाने का दबाव बनाने लगा था। परिजनों का यह भी आरोप है कि रुपये की मांग को लेकर दुर्गा के साथ मारपीट की जाती थी। शनिवार शाम करीब छह बजे पति रोहित ने फोन कर दुर्गा के अचानक बेहोश होने की जानकारी दी। इसके बाद परिजन उसे निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां से उसे सिम्स रेफर कर दिया गया। सिम्स में डॉक्टरों ने जांच के बाद दुर्गा को मृत घोषित कर दिया। महिला की मौत के बाद मायके पक्ष ने उसके गले पर चोट के निशान होने का दावा करते हुए मौत की परिस्थितियों पर सवाल उठाए। रविवार को सिम्स में इसी बात को लेकर मायके वालों और पति के बीच विवाद बढ़ गया। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच झूमाझटकी की स्थिति बन गई। मौके पर मौजूद रिश्तेदारों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। घटना की सूचना के बाद पुलिस ने दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए हैं और शव का पोस्टमार्टम कराया है। फिलहाल विवाहिता की मौत का वास्तविक कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button