——
छत्तीसगढ़रायपुर

बिजली विभाग का बड़ा एक्शन: ₹10 हजार से ज्यादा बकाया वाले 200 घरेलू कनेक्शन होंगे ऑनलाइन बंद

रायपुर। शासकीय कनेक्शनों पर ऑनलाइन बिजली कटौती की कार्रवाई के बाद अब बिजली विभाग ने बड़े घरेलू बकायेदारों के खिलाफ भी सख्ती शुरू कर दी है। विभाग ने ऐसे 200 घरेलू उपभोक्ताओं की पहचान की है, जिन पर ₹10 हजार से अधिक का बिजली बिल बकाया है। इन उपभोक्ताओं पर कुल करीब ₹23 लाख 55 हजार की देनदारी बताई गई है। चिन्हित उपभोक्ताओं की सूची तैयार कर राज्य कार्यालय भेज दी गई है।

विभाग के मुताबिक, इन उपभोक्ताओं ने दो महीने से अधिक समय से बिजली बिल का भुगतान नहीं किया है। अब मैनुअल तरीके से लाइन काटने के बजाय राज्य स्तर से सिस्टम के माध्यम से ऑनलाइन कनेक्शन विच्छेद करने की तैयारी है।

कार्रवाई से पहले चिन्हित उपभोक्ताओं को उनके पंजीकृत मोबाइल नंबर पर लगातार तीन दिनों तक SMS के जरिए बकाया राशि जमा करने की सूचना दी जाएगी। इसके बावजूद यदि भुगतान नहीं किया जाता है, तो तीन दिन की समयसीमा समाप्त होने के बाद चौथे दिन ऑनलाइन कमांड के जरिए बिजली कनेक्शन काट दिया जाएगा।

कनेक्शन कटने के बाद बिजली आपूर्ति तभी बहाल की जाएगी, जब उपभोक्ता पूरा बकाया बिल जमा करने के साथ निर्धारित पेनल्टी और पुनर्बहाली शुल्क का भुगतान करेगा।

बिजली विभाग ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे कनेक्शन कटने और बिजली आपूर्ति बाधित होने से बचने के लिए समय रहते अपने बकाये का भुगतान कर दें।

Related Articles

Back to top button