Google Analytics —— Meta Pixel
भोपालमध्य प्रदेशविविध ख़बरें

बिरसा मुंडा खेल मैदान में हरी घास और बाउंड्रीवॉल का कराए निर्माण: उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल

जर्मनी से लौटे फुटबॉल खिलाड़ियों से की मुलाकात

उप मुख्यमंत्री एवं शहडोल जिले के प्रभारी मंत्री श्री राजेंद्र शुक्ल ने “मिनी ब्राजील” के नाम से पहचान बना चुके ग्राम विचारपुर के फुटबॉल खिलाड़ियों से मुलाकात की, जिन्होंने हाल ही में जर्मनी में विश्व स्तरीय फुटबॉल प्रशिक्षण प्राप्त किया है।

उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने खिलाड़ियों में सानिया कुंडे, लक्ष्मी सहीस, सुहानी कोल, वीरेंद्र बैगा, प्रीतम सिंह और मनीष घसिया का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि यह गर्व की बात है कि ग्राम विचारपुर के युवा अपने जुनून और प्रतिभा के बल पर प्रदेश और देश का नाम रोशन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि “मिनी ब्राजील” के नाम से प्रसिद्ध ग्राम विचारपुर के लगभग 70 से 80 खिलाड़ी अब तक राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में भाग ले चुके हैं। अंतर्राष्ट्रीय प्रशिक्षण प्राप्त कर लौटे खिलाड़ी अब अपने गांव और क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बन रहे हैं।

उप मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि ग्राम विचारपुर के बिरसा मुंडा खेल मैदान में हरी घास और बाउंड्री वॉल का निर्माण कराया जाए, जिससे खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण सुविधाएं मिल सकें। जर्मनी में प्रशिक्षण प्राप्त खिलाड़ियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि उन्हें एफ.सी. इंगोलस्टैट 4 क्लब में कोच डाइटमार बीयर्सडॉर्फ के मार्गदर्शन में 4 से 12 अक्टूबर तक आधुनिक फुटबॉल तकनीक, फिटनेस, टीम रणनीति और टैक्टिकल गेम प्लानिंग की गहन ट्रेनिंग मिली।

इस अवसर पर विधायक जयसिंहनगर श्रीमती मनीषा, विधायक जैतपुर श्री जयसिंह मरावी, कलेक्टर डॉ. केदार सिंह, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री शिवम प्रजापति, सदस्य जिला योजना समिति श्रीमती अमिता चपरा, सहायक संचालक खेल श्री रईस अहमद, तथा जन अभियान परिषद के जिला समन्वयक श्री विवेक पांडे सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button