——
छत्तीसगढ़

भतीजे का बार-बार गर्लफ्रेंड को घर लाना चाचा को नहीं था पसंद, गुस्से में उठाया ये खौफनाक कदम, सुनकर कांप उठेगी रूह…..

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में महिला मित्र को लेकर शुरू हुआ विवाद खूनी वारदात में बदल गया। सरकंडा थाना क्षेत्र में एक चाचा ने अपने ही सगे भतीजे पर धारदार हथियार से हमला कर उसकी हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि भतीजे के बार-बार महिला मित्र को घर लाने से चाचा नाराज था। इसी बात को लेकर विवाद हुआ, जिसने खौफनाक रूप ले लिया।

वारदात की सूचना मिलते ही सरकंडा पुलिस ने कार्रवाई शुरू की और कुछ ही घंटों के भीतर आरोपी चाचा को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल किया गया धारदार हथियार भी बरामद कर लिया है। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

क्या है पूरा मामला?

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना सरकंडा थाना क्षेत्र के अपोलो चौक लिंगियाडीह इलाके की है। रवि निषाद के घर में अचानक रोने-चीखने की आवाज सुनकर परिजन जागे। जब प्रार्थी अपने बड़े भाई मीठालाल के कमरे की ओर गया, तो उसने देखा कि उसका दूसरा भाई धनीराम निषाद उर्फ कुदन हाथ में खून से सना धारदार हथियार लिए कमरे से बाहर निकल रहा था।

जब प्रार्थी कमरे के अंदर गया तो उसका भतीजा अमित निषाद लहूलुहान हालत में जमीन पर पड़ा था और उसके सीने पर गंभीर चोट के निशान थे। परिजनों की सूचना पर तुरंत सरकंडा पुलिस मौके पर पहुंची और 108 एम्बुलेंस की मदद से घायल अमित को सिम्स अस्पताल (SIMS Hospital) बिलासपुर पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस की पूछताछ और शुरुआती जांच में सामने आया है कि मृतक अमित निषाद अपनी महिला मित्र को अक्सर घर लेकर आता था। आरोपी चाचा धनीराम निषाद इस बात का विरोध करता था और इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर वाद-विवाद होता रहता था। घटना वाली रात भी इसी बात को लेकर घर में तीखी बहस हुई, जिसके बाद गुस्से में आकर आरोपी ने सब्जी काटने वाले धारदार हथियार से अमित के सीने पर ताबड़तोड़ वार कर दिया और उसकी जान ले ली।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई और गिरफ्तारी

हत्या की इस गंभीर वारदात को संज्ञान में लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के मार्गदर्शन में विशेष कार्रवाई की गई। पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर रजनेश सिंह के निर्देश पर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर पंकज पटेल और नगर पुलिस अधीक्षक सरकंडा तिलेश्वर प्रसाद यादव के मार्गदर्शन में टीम गठित की गई। निरीक्षक प्रदीप आर्य के नेतृत्व में सरकंडा पुलिस बल, फोरेंसिक टीम, एफएसएल (FSL) टीम और फिंगरप्रिंट विशेषज्ञ ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। वारदात को अंजाम देने के बाद भागने की फिराक में घूम रहे आरोपी कुंदन निषाद को पुलिस ने घेराबंदी कर धर दबोचा। पूछताछ में उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया, जिसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त सब्जी काटने का धारदार हथियार भी विधिवत जब्त कर लिया गया। पुलिस ने मामले में प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना सरकंडा में अपराध क्रमांक 1476/2026, धारा 103(1) बीएनएस (BNS) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष न्यायिक रिमांड पर पेश कर दिया गया है।

Related Articles

Back to top button