——
छत्तीसगढ़रायपुर

भूपेश बघेल का मीडिया पर निशाना, बोले—भीड़ गिनने के बजाय मतदाता सूची से नाम कटने के मुद्दे पर हो चर्चा

       रायपुर। छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री एवं कांग्रेस नेता भूपेश बघेल ने पत्रकारों से चर्चा के दौरान दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ आंदोलन की मीडिया कवरेज को लेकर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि मीडिया आंदोलन में उठाए गए वास्तविक मुद्दों से ध्यान भटकाने का प्रयास कर रहा है।

       भूपेश बघेल ने कहा कि यह असल मुद्दे से ध्यान भटकाने की कोशिश है। उन्होंने मीडिया के एक वर्ग पर निशाना साधते हुए कहा कि भीड़ गिनने के बजाय आंदोलन में उठाए गए सवालों और मुद्दों पर चर्चा होनी चाहिए।

       उन्होंने कहा कि दो दिन पहले रामलीला मैदान में बारिश और कीचड़ को लेकर खबरें दिखाई जा रही थीं और अब खाली कुर्सियां दिखाकर आंदोलन को छोटा बताने की कोशिश की जा रही है। बघेल के मुताबिक, आंदोलन का वास्तविक मुद्दा देश के छह राज्यों में कथित तौर पर 13 करोड़ मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाए जाने का है।

मतदाता सूची से नाम हटाने पर उठाए सवाल

       पूर्व मुख्यमंत्री ने राहुल गांधी के बयान का हवाला देते हुए दावा किया कि मतदाता सूची से 15 प्रतिशत लोगों के नाम हटा दिए गए हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि जब देश की आबादी लगातार बढ़ रही है, तो मतदाताओं की संख्या घटने की स्थिति कैसे पैदा हो सकती है?

       बघेल ने इस मुद्दे के लिए केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व वाली सरकार को जिम्मेदार ठहराया।

विजय शर्मा के बयान को लेकर भी साधा निशाना

       भूपेश बघेल ने छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा का उल्लेख करते हुए आरोप लगाया कि वे खुले तौर पर कहते हैं कि ‘हम तो नाम काटेंगे’। उन्होंने निर्वाचन आयोग की निष्पक्षता पर भी सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि आयोग सरकार के प्रभाव में काम कर रहा है।

       पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि मतदाता सूची से नाम हटाने के मामले में पारदर्शिता और जवाबदेही जरूरी है। लोकतंत्र में प्रत्येक पात्र नागरिक का मताधिकार सुरक्षित रहना चाहिए।

       गौरतलब है कि भूपेश बघेल के ये बयान मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR), कथित वोट चोरी और निर्वाचन आयोग की भूमिका को लेकर कांग्रेस तथा INDIA गठबंधन द्वारा उठाए जा रहे सवालों के बीच सामने आए हैं।

Related Articles

Back to top button