——
छत्तीसगढ़

रायपुर समेत छत्तीसगढ़ में मौसम बदलेगा, तेज हवा के साथ बिजली गिरने की आशंका

रायपुर।  छत्तीसगढ़ में सूखे और गर्म मौसम के बीच अब बदलाव के संकेत मिल रहे हैं। मौसम विभाग के अनुसार 15 अक्टूबर से प्रदेश के कई हिस्सों में बादलों की आवाजाही बढ़ सकती है। कुछ जगहों पर गरज-चमक के साथ तेज हवा चलने और हल्की बारिश की संभावना है। वहीं बिजली गिरने की चेतावनी भी जारी की गई है।

आज रायपुर में गर्मी का असर रहेगा

राजधानी रायपुर में आज मौसम साफ रहने के आसार हैं। दिन में धूप और गर्मी का असर महसूस हो सकता है। रायपुर का अधिकतम तापमान करीब 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। हालांकि कल से मौसम में बदलाव होने पर लोगों को उमस और गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है।

कल से इन इलाकों में बदल सकता है मौसम

प्रदेश में 15 अक्टूबर से हल्की बारिश की गतिविधियां शुरू हो सकती हैं। मौसम विभाग ने एक-दो स्थानों पर बहुत हल्की से हल्की बारिश का अनुमान जताया है। कुछ जगहों पर गरज-चमक के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है। ऐसे में खुले स्थानों पर काम करने वाले लोगों और किसानों को सावधानी बरतने की जरूरत है।

बीते 24 घंटे में बारिश नहीं हुई

पिछले 24 घंटे के दौरान प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में मौसम शुष्क रहा। बारिश के खास आंकड़े दर्ज नहीं किए गए। रायपुर में सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान 33.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि अंबिकापुर में सबसे कम न्यूनतम तापमान 18.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।

क्यों बदल रहा है मौसम?

मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक ऊपरी हवा में बने सिस्टम के कारण प्रदेश के मौसम पर असर पड़ सकता है। पश्चिमी हवाओं में द्रोणिका बनी हुई है। इसके अलावा पूर्वी उत्तर प्रदेश और आसपास के क्षेत्र में ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है। इसी वजह से छत्तीसगढ़ में बादल, तेज हवा और हल्की बारिश की स्थिति बन रही है।

सावधानी जरूरी

गरज-चमक और बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए लोगों को खुले मैदान, पेड़, बिजली के खंभे और पानी वाले इलाकों से दूर रहने की सलाह दी गई है। मौसम खराब होने पर सुरक्षित स्थान पर रहें।

Related Articles

Back to top button