शराब पीने से मना किया तो पत्नी पर हथौड़े से किया जानलेवा हमला, आरोपी पति गिरफ्तार

नगरी। शराब पीने से मना करने पर पत्नी से विवाद के बाद उसके सिर पर लोहे के हथौड़े से कई वार कर गंभीर रूप से घायल करने वाले आरोपी पति को मगरलोड पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त हथौड़ा सहित अन्य महत्वपूर्ण भौतिक साक्ष्य जब्त किए हैं। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
शराब पीने से मना करने पर हुआ विवाद
पुलिस के अनुसार, 2 सितंबर की रात ग्राम भैंसमुडी निवासी चम्मन लाल साहु शराब के नशे में घर पहुंचा। शराब पीने से मना करने की बात को लेकर उसका पत्नी किरण साहु से विवाद हो गया। विवाद के दौरान आरोपी ने गुस्से में आकर लोहे के हथौड़े से पत्नी के सिर पर कई वार कर दिए। हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
परिजनों ने तत्काल डायल-112 को सूचना दी। पुलिस टीम ने घायल महिला को सीएचसी मगरलोड पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल धमतरी रेफर कर दिया, जहां उसका उपचार जारी है।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक धमतरी श्रीमती भावना पाण्डेय के निर्देश पर मगरलोड पुलिस ने आरोपी की पतासाजी शुरू कर दी। प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना मगरलोड में धारा 109 बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर वैधानिक कार्रवाई के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है



