——
नई दिल्लीभोपालराष्ट्रीय-अंतर्राष्ट्रीय ख़बरेंविविध ख़बरें

श्री शंकराचार्य प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी के एमबीए एवं बीबीए विद्यार्थियों ने किया पारले एग्रो फूड इकाई का औद्योगिक भ्रमण

भिलाई- श्री शंकराचार्य प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी, में विद्यार्थियों को पाठ्यक्रमीय ज्ञान के साथ व्यावहारिक एवं उद्योगोन्मुखी अनुभव प्रदान करने के उद्देश्य से विभिन्न शैक्षणिक गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इसी क्रम में विश्वविद्यालय के मैनेजमेंट संकाय के तत्वावधान में एमबीए एवं बीबीए के विद्यार्थियों के लिए प्रसिद्ध पारले एग्रो फूड की रायपुर इकाई का औद्योगिक भ्रमण आयोजित किया गया।

विभागाध्यक्ष डॉ. नेहा सोनी ने बताया कि औद्योगिक भ्रमण का उद्देश्य विद्यार्थियों को वास्तविक औद्योगिक वातावरण से परिचित कराना तथा कक्षा में प्राप्त सैद्धांतिक ज्ञान को व्यावहारिक अनुभव से जोड़ना है। भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने उत्पादन प्रक्रिया, कार्यप्रवाह, गुणवत्ता नियंत्रण, पैकेजिंग, उत्पाद प्रबंधन, विपणन तथा औद्योगिक प्रबंधन से जुड़े विभिन्न पहलुओं को निकट से समझा।

विद्यार्थियों ने पारले एग्रो फूड की रायपुर इकाई में विभिन्न कार्यप्रणालियों का अवलोकन किया तथा संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों से उद्योग संचालन से जुड़े विषयों पर जानकारी प्राप्त की। विद्यार्थियों ने अपनी जिज्ञासाएं भी रखीं और औद्योगिक प्रक्रियाओं से संबंधित प्रश्नों के उत्तर प्राप्त किए।

इस अवसर पर विद्यार्थियों को यह समझने का अवसर मिला कि किसी उद्योग की सफलता के लिए योजना निर्माण, मानव संसाधन प्रबंधन, गुणवत्ता, समय प्रबंधन, तकनीकी दक्षता, टीम भावना और बाजार की आवश्यकताओं की समझ कितनी महत्वपूर्ण होती है। औद्योगिक भ्रमण ने विद्यार्थियों को प्रबंधन के सिद्धांतों को वास्तविक परिस्थितियों में लागू होते देखने का अवसर दिया।

कुलपति डॉ. स्मिता सेलट ने विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि वर्तमान समय में उच्च शिक्षा का उद्देश्य केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित नहीं रहना चाहिए। विद्यार्थियों को उद्योगों की वास्तविक कार्यप्रणाली, बदलती तकनीक और रोजगार की आवश्यकताओं को समझना आवश्यक है। ऐसे ओद्योगिक भ्रमण विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, व्यावसायिक दृष्टिकोण और निर्णय लेने की क्षमता विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

औद्योगिक भ्रमण के दौरान मैनेजमेंट संकाय के प्राध्यापक रेशु चौरसिया, डॉ. एकता मिश्रा एवं श्वेता साजी सहित बड़ी संख्या में एमबीए एवं बीबीए के विद्यार्थी उपस्थित रहे। विद्यार्थियों ने भ्रमण को ज्ञानवर्धक एवं उपयोगी बताते हुए कहा कि इससे उन्हें उद्योग जगत की वास्तविक कार्यप्रणाली को समझने और अपने भविष्य के व्यावसायिक जीवन के लिए स्वयं को तैयार करने में सहायता मिली।

The post श्री शंकराचार्य प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी के एमबीए एवं बीबीए विद्यार्थियों ने किया पारले एग्रो फूड इकाई का औद्योगिक भ्रमण appeared first on Pramodan News.

Related Articles

Back to top button