——
छत्तीसगढ़रायपुर

होनहार विद्यार्थियों का हुआ भव्य सम्मान: कैरियर एवं गाइडेंस सेमिनार में भविष्य को लेकर बड़ा मंथन

       रायपुर। भारतीय बौद्ध महासभा जिला इकाई रायपुर के तत्वावधान में प्रतिवर्ष आयोजित होने वाला प्रतिभाशाली विद्यार्थी सम्मान समारोह एवं कैरियर गाइडेंस सेमिनार इस वर्ष भी वितरा भवन, रायपुर में गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का उद्देश्य समाज के मेधावी विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करना, उन्हें उच्च शिक्षा एवं रोजगार के प्रति मार्गदर्शन देना तथा समाज के सक्रिय कार्यकर्ताओं के योगदान का सम्मान करना रहा।

       कार्यक्रम में बौद्ध समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को मोमेंटो एवं प्रशस्ति-पत्र भेंट कर सम्मानित किया गया। वक्ताओं ने विद्यार्थियों से शिक्षा को सफलता का सबसे बड़ा माध्यम बताते हुए निरंतर परिश्रम, अनुशासन और सकारात्मक सोच के साथ अपने लक्ष्य की ओर बढ़ने का आह्वान किया।

       इस अवसर पर भारतीय बौद्ध महासभा जिला इकाई रायपुर के जिला अध्यक्ष प्रकाश रामटेके, महासचिव विजय गजघाटे तथा कोषाध्यक्ष जी.एस. मेश्राम ने संगठन के सक्रिय एवं कर्मठ कार्यकर्ताओं को भी उनके सामाजिक योगदान के लिए मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया। संगठन पदाधिकारियों ने कहा कि समाज के विकास में कार्यकर्ताओं की निष्ठा और सेवा भावना महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।

       कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रो. डॉ. एस.के. जाधव रहे। वहीं, मोटिवेशनल स्पीकर श्रीमती रमा सागर और डॉ. ओम कनोजिया ने विद्यार्थियों को कैरियर चयन, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी, व्यक्तित्व विकास और जीवन में सफलता के विभिन्न पहलुओं पर महत्वपूर्ण मार्गदर्शन दिया। उन्होंने विद्यार्थियों को बदलते समय के अनुरूप कौशल विकसित करने और आत्मविश्वास के साथ अपने सपनों को साकार करने की प्रेरणा दी।

       कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रकाश रामटेके ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में दिलीप वासनिकर, भोजराज गौरखेड़े, संजय गजघाटे, मार्गदर्शक बिम्बिसार नागार्जुन तथा डॉ. सौम्या रामटेके उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने शिक्षा, सामाजिक एकता और युवाओं के सर्वांगीण विकास पर अपने विचार व्यक्त किए।

       कार्यक्रम का सफल संचालन विजय गजघाटे ने किया। आयोजन को सफल बनाने में विजय चौहान, महेश बोरकर, अजय कोल्हे, हितेश गायकवाड़, राजेन्द्र गवई एवं राहुल वरके का विशेष सहयोग रहा। समारोह में समाज के बड़ी संख्या में विद्यार्थी, अभिभावक, बुद्धिजीवी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। अंत में आयोजकों ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए समाज में शिक्षा और जागरूकता के ऐसे कार्यक्रम निरंतर आयोजित करने का संकल्प दोहराया।

Related Articles

Back to top button