——
छत्तीसगढ़

11 लाख से ज्यादा रेलकर्मियों के लिए बोनस मंजूर, अधिकतम 17,951 रुपये, जानें भुगतान का अपडेट

नई दिल्ली। रेलवे के लाखों कर्मचारियों को त्योहारों से पहले बोनस देने का फैसला हुआ है। केंद्रीय मंत्रिमंडल ने बुधवार, 14 अक्टूबर को 11,40,770 गैर-राजपत्रित रेल कर्मचारियों के लिए 78 दिनों के उत्पादकता आधारित बोनस यानी PLB को मंजूरी दी। इसके भुगतान पर कुल 2009.61 करोड़ रुपये खर्च होंगे।

78 दिन का बोनस, लेकिन कितनी मिलेगी रकम?

पात्र कर्मचारी को अधिकतम 17,951 रुपये मिलेंगे। यहां 78 दिनों के बोनस का मतलब कर्मचारी के वास्तविक मासिक वेतन के हिसाब से उतनी रकम मिलना नहीं है।

बोनस की गणना के लिए निर्धारित मासिक वेतन सीमा 7,000 रुपये है। इससे ज्यादा वेतन पाने वाले पात्र कर्मचारियों का बोनस भी इसी गणना सीमा के आधार पर तय होगा। व्यक्तिगत पात्रता और सेवा संबंधी परिस्थितियों के अनुसार भुगतान में अंतर हो सकता है।

किन कर्मचारियों को मिलेगा लाभ?

इसमें ट्रैक मेंटेनर, लोको पायलट, ट्रेन मैनेजर यानी गार्ड, स्टेशन मास्टर, सुपरवाइजर, तकनीशियन, तकनीशियन सहायक, पॉइंट्समैन, मिनिस्ट्रियल स्टाफ और अन्य पात्र ग्रुप ‘सी’ कर्मचारी शामिल है

खाते में कब आएगा बोनस?

सरकारी विज्ञप्ति के मुताबिक, पात्र रेलकर्मियों को यह बोनस हर साल दुर्गा पूजा और दशहरा की छुट्टियों से पहले दिया जाता है। हालांकि, विज्ञप्ति में इस बार खाते में रकम जमा होने की कोई निश्चित तारीख नहीं बताई गई है।

भविष्य निधि में जमा करने का भी विकल्प

स्टेट रेलवे प्रोविडेंट फंड यानी SRPF के पात्र सदस्य चाहें तो बोनस की पूरी रकम या उसका कुछ हिस्सा अपने संबंधित भविष्य निधि खाते में जमा कर सकते हैं। यह विकल्प कर्मचारी की इच्छा पर निर्भर रहेगा। रेलवे बोर्ड के आदेश में बोनस का भुगतान वेतन वाले माध्यम से प्राथमिकता के आधार पर करने को कहा गया है।

सरकार ने इस बोनस को रेलवे कर्मचारियों के प्रदर्शन की सराहना और बेहतर काम के लिए प्रोत्साहन बताया है।

Related Articles

Back to top button