मुख्यमंत्री डॉ. यादव की छत्तीसगढ़ के बाढ़ प्रभावितों के लिए मानवीय पहल

भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने छत्तीसगढ़ में बाढ़ प्रभावित लोगों के लिए मानवीय पहल करते हुए राहत सामग्री भेजी है। बालाघाट से दो ट्रक राहत सामग्री को शुक्रवार को रवाना किया गया। उल्लेखनीय है कि इससे पहले मुख्यमंत्री ने बाढ़ पीड़ितों के लिए 5 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता भी प्रदान की थी।
बालाघाट-सिवनी लोकसभा क्षेत्र की सांसद सुश्री भारती पारधी ने राहत सामग्री से भरे ट्रकों को हरी झंडी दिखाकर रायपुर के लिए रवाना किया। इस अवसर पर कलेक्टर मृणाल मीना सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।
राहत सामग्री में 100 क्विंटल चावल, 10 क्विंटल दाल, 15 क्विंटल नमक, 1500 कम्बल, 2000 चादर और 950 बर्तन सेट सहित आवश्यक वस्तुएँ शामिल हैं। यह सहायता सामग्री छत्तीसगढ़ के बाढ़ प्रभावित लोगों के लिए संकट की घड़ी में बड़ा सहारा साबित होगी।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि पड़ोसी राज्य छत्तीसगढ़ की जनता कठिन परिस्थिति से गुजर रही है, ऐसे में मध्यप्रदेश सरकार हरसंभव मदद के लिए प्रतिबद्ध है।



