एसीसी सीमेंट संयंत्र से संबंधित स्थानीय समस्याओं का, प्रशासन, एसीसी प्रबंधन व नागरिकों के बीच बातचीत से निकला हल
जामुल-जामुल स्थित एसीसी सीमेंट संयंत्र से संबंधित स्थानीय नागरिकों की समस्याओं, अत्यधिक धूल,दुर्गंध, रोजगार एवं क्षेत्रीय अधिकारों को लेकर ईश्वर उपाध्याय द्वारा एक विस्तृत माँग पत्र प्रशासन के समक्ष प्रस्तुत किया गया था। उनके इस प्रयास के फलस्वरूप प्रशासनिक अधिकारी (एसडीएम) भिलाई-3 महेश सिंह राजपूत द्वारा कई बार संयुक्त बैठकें आहूत की गई।
इन महत्वपूर्ण बैठकों में एसडीएम भिलाई-3, सीएसपी छावनी, एसीसी जामुल के महाप्रबंधक एस. मंडल, एचआर हेड रमेश उदपुड़ी, सीएसआर हेड जमील अख्तर खान तथा ईश्वर उपाध्याय सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं प्रतिनिधि समय-समय पर उपस्थित रहे।बैठक में स्थानीय नागरिकों की दस सूत्रीय मांगों पर विचार-विमर्श के उपरांत निम्नलिखित बिंदुओं पर आपसी सहमति बनी-
स्थानीयजनो को रोजगार में प्राथमिकता
संयंत्र में आवश्यकतानुसार स्थानीय युवाओं की योग्यता के अनुरूप शीघ्र भर्ती प्रक्रिया प्रारंभ की जाएगी, (विशेष परिस्थिति जैसे शटडाउन आदि को छोड़कर)। यह मांग ईश्वर उपाध्याय द्वारा प्रमुखता से उठाई गई थी, जिस पर सहमति बनी।
एएफआर (बाहरी कचरे) से होने वाले दुर्गंध और अत्यधिक धूल डस्ट पर नियंत्रण
दुर्गंध रोकने हेतु फॉगिंग सिस्टम स्थापित किया जाएगा तथा श्रेडर सिस्टम को प्लांट से दूर स्थापित किया जाएगा। धूल नियंत्रण हेतु पानी का छिड़काव एवं अन्य आधुनिक उपाय किए जाएंगे। यह विषय भी मांग पत्र में प्रमुख रूप से शामिल थी।
पेयजल एवं जल संरक्षण व्यवस्था
विभिन्न वार्डों के तालाबों का गहरीकरण एवं सौंदर्यीकरण एसीसी प्रबंधन द्वारा कराया जाएगा। साथ ही, तीन टैंकरों के माध्यम से प्रतिदिन सुबह एवं शाम पेयजल आपूर्ति नगर में की जाएगी।
बोगदा पुल के पास ट्रकों की पार्किंग व्यवस्था
बोगदा पुल के समीप खड़े ट्रकों को संयंत्र परिसर के भीतर निर्मित पार्किंग में स्थानांतरित किया जाएगा। जिसके लिए संयंत्र के भीतर व्यवस्था की जा रही है।
सामाजिक उपयोग हेतु डोम शेड का निर्माण
स्थानीय सामाजिक कार्यक्रमों के लिए एसीसी संयंत्र डोम शेड का निर्माण करेगा।
एसीसी मंगल भवन का उपयोग
एसीसी मंगल भवन को नियमित कर्मचारियों की दरों पर ही श्रमिकों एवं स्थानीय नागरिकों को उपलब्ध कराया जाएगा।
निःशुल्क चिकित्सकीय सुविधा
प्रत्येक शनिवार शाम 4:00 बजे से 6:00 बजे तक एसीसी मंगल भवन में चिकित्सकों की उपस्थिति में जामुल नगरवासियों के लिए निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
प्रकाश व्यवस्था में होगा सुधार
बोगदा पुल क्षेत्र में अतिरिक्त स्ट्रीट लाइट लगाकर प्रकाश व्यवस्था को सुदृढ़ किया जाएगा।
श्रमिक हितों के 20 बिंदुओं पर होगी पहल
स्थानीय श्रमिकों के हितों से जुड़े 20 बिंदुओं पर संयंत्र प्रबंधन एवं श्रमिक संगठन पीसीएसएस के पदाधिकारियों द्वारा एक माह के भीतर ठोस एवं सार्थक पहल की जाएगी। ( पीसीएसएस यूनियन पदाधिकारियों से चर्चा उपरांत विषय को जल्द पुर्ण कराने का विश्वास दिलाने पश्चात निर्णय लिया गया)।
छोटे ठेकेदारों एवं ट्रांसपोर्टरों को भी अवसर प्राप्त होगा।
बैठक में ईश्वर उपाध्याय के प्रयासों एवं पहल को सराहा गया। जिसकी वजह से यह बैठक संभव हो सकी, एवं जामुल क्षेत्र के नागरिकों को विभिन्न जरूरी सुविधाएं मिल सकेंगी।
The post एसीसी सीमेंट संयंत्र से संबंधित स्थानीय समस्याओं का, प्रशासन, एसीसी प्रबंधन व नागरिकों के बीच बातचीत से निकला हल appeared first on Pramodan News.

