Google Analytics —— Meta Pixel
विविध ख़बरें

झारखंड-धनबाद में मंडप में सास और साली को देने लगा गाली, दौड़ा-दौड़ा कर पीटा गया दूल्हा

धनबाद.

झारखंड के धनबाद में एक दूल्हे को दौड़ा-दौड़ा कर पीटा गया। बारातियों को भी बंधक बनाया गया। दरअसल, मंडप में दूल्हा अपनी होने वाली सास और सालियों के साथ गाली-गलौज करने लगा था। वह कुछ लड़कियों को मार भी दिया था। दुल्हन पक्ष के लोगों का कहना है कि दूल्हा मानसिक रूप से ठीक नहीं है। जूता चुराने की बात जानकर दूल्हा गुस्से में आग बबूला हो गया और मारपीट करने लगा।

धनबाद के भौंरा ओपी क्षेत्र के भौंरा आठ नंबर में सोमवार की रात बाराती-सराती में जमकर मारपीट हो गई। दूल्हे की हरकत से तंग आकर लड़की पक्ष के लोगों ने दूल्हे को दौड़ा-दौड़ा कर पीटा। बारातियों की भी पिटाई की गई। इसके बाद सभी को बंधक बना लिया। खबर पाकर मंगलवार की सुबह करीब चार बजे भौंरा ओपी पुलिस पहुंची। दोनों पक्षों को लेकर थाना आई।

क्यों बढ़ा विवाद
मंगलवार देर शाम को दोनों पक्षों में समझौता हुआ, जिसमें शादी को अमान्य करार देते हुए तय हुआ कि जो भी शादी का खर्च लड़की पक्ष ने दिया है, वह सभी लड़का पक्ष लौटाएगा। लिखित समझौता के बाद दोनों पक्ष को थाना से छोड़ दिया गया। दरअसल, बोर्रागढ़ सुरेंद्र कॉलोनी से जमुना भुईंया के पुत्र हरेंद्र की शादी के लिए बारात भौंरा आठ नंबर निवासी महेश भुईंया के घर आई थी। महेश की पुत्री नंदिनी के साथ शादी थी। लड़की पक्ष के लोगों ने बताया कि 15-20 दिन पहले ही शादी तय हुई थी। दुल्हन पक्ष का आरोप है कि लड़के की दिमागी हालत ठीक नहीं है। यह बात लड़का पक्ष ने छिपा कर रखा। सोमवार को बारात जब घर पर आई तब सारा भेद खुल गया।

जूता छिपाने पर दूल्हा करने लगा गाली-गलौज
रीति रिवाज के अनुसार लड़की की बहनों और अन्य ने दूल्हे का जूता छिपा दिया। उसके बाद लड़का आग बबूला हो गया। सभी को गाली-गलौज करने लगा। लड़कियों के साथ मारपीट करने लगा। जब दुल्हन और दुल्हन की मां, चाची अन्य रिश्तेदार ने समझाने की कोशिश की तो उन्हें भी गाली देने के साथ उनके साथ मारपीट की। लड़की वालों ने बताया कि वे लोग लड़की का जीवन बर्बाद नहीं होने देंगे। उस घर में लड़की को नहीं जाने देंगे। वहीं दूल्हे की मां का कहना है कि लड़की पक्ष ने लड़के का जूता छिपा दिया था। इससे उनके पुत्र को गुस्सा आ गया था।

कार्रवाई की चेतावनी पर माने दूल्हा पक्ष के लोग
पुलिस ने लड़का पक्ष पर कार्रवाई करने की चेतावनी दी। इसके बाद लड़का पक्ष और लड़की पक्ष में समझौता हुआ। वर पक्ष ने दो दिनों के अंदर वधू पक्ष से दान में लिए गए नगदी व उपहार को लौटाने का वादा किया है। इसके बाद पुलिस ने वर पक्ष के खिलाफ कार्रवाई रोक दी।

The post झारखंड-धनबाद में मंडप में सास और साली को देने लगा गाली, दौड़ा-दौड़ा कर पीटा गया दूल्हा first appeared on Pramodan News.

Related Articles

Back to top button