Google Analytics —— Meta Pixel
छत्तीसगढ़रायपुर

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने छत्तीसगढ़ को विशेष राज्य का दर्जा देने की मांग

पत्र के माध्यम से अनुरोध: भाजपा सांसदों से विशेष आर्थिक सहायता और विशेष राज्य का दर्जा दिलाने की मांग

तर्क: छत्तीसगढ़ की जनता को डबल इंजन की सरकार से लाभ नहीं मिल रहा

       रायपुर। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने राज्य के भाजपा सांसदों को पत्र लिखकर छत्तीसगढ़ को विशेष आर्थिक सहायता और विशेष राज्य का दर्जा देने की मांग संसद में उठाने का अनुरोध किया है। उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार का लाभ राज्य को नहीं मिल रहा है और केंद्रीय बजट से राज्य की जनता ठगी महसूस कर रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि अगर बिहार और आंध्र प्रदेश को विशेष सहयोग मिल सकता है तो छत्तीसगढ़ को क्यों नहीं? उन्होंने आग्रह किया कि यह मामला सांसदगण सदन में उठाएं।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने अपने पत्र में लिखा है:

माननीय सांसद गण,
भारतीय जनता पार्टी (छत्तीसगढ़),

       आदरणीय, आप सब छत्तीसगढ़ के विभिन्न संसदीय क्षेत्रों से निर्वाचित हुए हैं। मोदी सरकार के तीसरे कार्यकाल के गठन में छत्तीसगढ़ की जनता ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। राज्य के 11 लोकसभा निर्वाचन क्षेत्रों में से 10 में भारतीय जनता पार्टी के सांसदों को राज्य की जनता ने जिताया है। चुनाव में आप सबने प्रदेश की जनता से वादा किया था कि डबल इंजन की सरकार बनेगी तो प्रदेश का तीव्र गति से विकास होगा।

       मोदी सरकार के पहले बजट से राज्य की जनता अपने आप को ठगा महसूस कर रही है। डबल इंजन की सरकार का राज्य को कोई लाभ नहीं मिला है। केंद्रीय बजट में राज्य की अनदेखी की गई है। सत्तारूढ़ दल के 10 सांसदों वाले राज्य की उपेक्षा पीड़ाजनक है। इसके विपरीत, बिहार और आंध्र प्रदेश जैसे राज्यों के लिए केंद्रीय बजट में विशेष प्रावधान हैं। छत्तीसगढ़ एक आदिवासी प्रदेश है और राज्य की बड़ी आबादी वन क्षेत्रों में रहती है। आर्थिक और शैक्षणिक विकास के इंडेक्स में छत्तीसगढ़ कई राज्यों से पीछे है। छत्तीसगढ़ भी देश के अन्य राज्यों के समान विकास की दौड़ में शामिल हो सके, इसके लिए छत्तीसगढ़ को विशेष सहायता की आवश्यकता है।

       आप सबको राज्य की जनता ने बड़े आशा और विश्वास के साथ संसद में भेजा है। आपसे मैं आग्रह करता हूं कि राज्य की जनता की अपेक्षाओं के अनुरूप आप राज्य के हितों की आवाज संसद में उठाएं। राज्य के सर्वांगीण विकास के लिए छत्तीसगढ़ को विशेष राज्य और विशेष आर्थिक पैकेज की मांग को बुलंद करें।

प्रतिलिपि
मान. श्री तोखन साहू, सांसद, बिलासपुर
मान. श्री बृजमोहन अग्रवाल, सांसद, रायपुर
मान. श्री विजय बघेल, सांसद, दुर्ग
मान. श्री संतोष पांडेय, सांसद, राजनांदगांव
मान. श्री चिंतामणि महराज, सांसद, सरगुजा
मान. श्री राधेश्याम राठिया, सांसद, रायगढ़
मान. श्री कमलेश जांगड़े, सांसद, जांजगीर-चांपा
मान. श्रीमती रूपकुमारी चौधरी, सांसद, महासमुंद
मान. श्री महेश कश्यप, सांसद, बस्तर
मान. श्री भोजराज नाग, सांसद, कांकेर

Related Articles

Back to top button