trump 2.0 Iphone production in india could reach 30 billion dollar says reports

आईएएनएस की रिपोर्ट के अनुसार, ट्रंप के टैरिफ बढ़ाने के फैसले से ऐपल आईफोन का प्रोडक्शन डबल होने की उम्मीद की जा रही है। डोनाल्ड ट्रंप ने अमेरिका में अपने कैंपेन के दौरान कहा था कि अगर वह चुनाव में जीत हासिल करेंगे, तो चीनी इम्पोर्ट पर 60 से 100 फीसदी टैरिफ लगाएंगे। वहीं, दूसरी ओर ऐपल को भारत में पहले से अधिक मैन्युफैक्चरिंग के लिए प्रोत्साहित किया जा सकता है।
ट्रंप चीनी इम्पोर्ट पर टैरिफ लगाने जैसा काम पहली बार नहीं करने जा रहे। इससे पहले अपने पिछले कार्यकाल के दौरान उन्होंने चीनी सामान पर टैरिफ लागू किया था। जानकारों का कहना है कि ट्रंप के दूसरे कार्यकाल के दौरान इस तरह की रणनीति ऐपल के ग्लोबल प्रोडक्शन नेटवर्क में भारत की भूमिका को अहम बना सकती है।
ऐपल, भारत में अपना प्रोडक्शन किस लिमिट तक बढ़ाएगी, यह काफी हद तक ट्रंप के ऑफिशियली अमेरिका के राष्ट्रपति का पद संभालने के बाद की कार्यवाही पर निर्भर करेगा। रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि ऐपल की रणनीति सफल होने के लिए, भारत सरकार की भूमिका भी अहम होगी। सरकार को यह सुनिश्चित करने के लिए कि आईफोन का निर्माण वियतनाम जैसे देशों की ओर शिफ्ट न हो, देश में सुधारों को जारी रखना होगा।
रिपोर्ट्स में काउंटरपॉइंट रिसर्च (Counterpoint research) का भी जिक्र मिलता है। काउंटरपॉइंट रिसर्च की ओर से कहा गया है कि आने वाले समय में हाई-एंड आईफोन की ग्लोबल डिमांड को लेकर तेजी देखने को मिलेगी। इस बढ़ती डिमांड के साथ भारत में प्रोडक्शन वैल्यू में तेजी से वृद्धि होने की उम्मीद है।


