खुद को राष्ट्रीय प्रवक्ता बताने वाले,भाजपा से निष्कासित, जय प्रकाश यादव की, एसपी से की गई शिकायत

भिलाई नगर-भिलाई भाजपा के जिलाध्यक्ष पुरूषोत्तम देवांगन ने, भिलाई के जय प्रकाश यादव और नगर पालिक निगम में जोन अध्यक्ष और पार्षद संतोष सिंह उर्फ जेडी जालंधर के भाजपा में न होने की पुष्टि की है। इतना ही नहीं उन्होंने आज पुलिस अधीक्षक दुर्ग जितेन्द्र शुक्ला को शिकायती पत्र सौंप कर खुद को भाजपा नेता प्रचारित कर जनता को गुमराह करने और पार्टी के लोगो वाला लेटरहेड सहित,सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर दुरूपयोग करने वाले ऐसे लोगों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
आज भिलाई भाजपा कार्यालय में पत्रकारों से चर्चा करते हुए जिलाध्यक्ष पुरूषोत्तम देवांगन ने स्पष्ट किया कि जय प्रकाश यादव निवासी कोसा नगर भिलाई जिला दुर्ग के विधानसभा चुनाव के समय भाजपा प्रत्याशी के विरूद्ध चुनाव लड़़ने व भाजपा के विरूद्ध काम करने के कारण 6 वर्ष के लिए निष्कासित किया गया था। इस स्थिति में भारतीय जनता पार्टी के पद व लोगो का प्रयोग करना अवैधानिक है। जय प्रकाश यादव अपने आपको भारतीय जनता पार्टी का राष्ट्रीय प्रवक्ता बता कर आम लोगों को भ्रमित कर अवैध वसूली करता है, बिना पद पर रहते हुए इस प्रकार का प्रचार-प्रसार करना अपराध की श्रेणी में आता है। अतः जय प्रकाश यादव के द्वारा उपयोग किये गये पद की जांच कर गलत पाये जाने पर उचित कार्यवाही कर एफआईआर दर्ज करने उन्होंने एसपी दुर्ग को पत्र सौंपा है। इसी तरह नगर पालिक निगम भिलाई के जोन अध्यक्ष व पार्षद संतोष सिंह उर्फ जालंधर भी भाजपा में नहीं हैं। हाल ही में संतोष सिंह के खिलाफ शासकीय जमीन की हेराफेरी कर फर्जी दस्तावेज से बेचने पर धोखाधड़ी का अपराध दर्ज है। संतोष सिंह ने निर्दलीय पार्षद चुनाव जीत कर कांग्रेस प्रवेश किया था। वो भी भारतीय जनता पार्टी में नहीं रहा है। विगत कुछ सार्वजनिक कार्यक्रम में उपस्थिति पर उसे सोशल मीडिया व पत्र पत्रिकाओं में भाजपा नेता लिखा जा रहा है, जो कि गलत है।
एक सवाल के जवाब में जिलाध्यक्ष पुरूषोत्तम देवांगन ने कहा कि चुनाव के दौरान बहुत से लोग विभिन्न कार्यक्रमों में अन्य दलों या समर्थकों के साथ भाजपा प्रवेश की इच्छा जताते हुए गमछा पहना देते हैं लेकिन इसका अर्थ यह नहीं कि वो भाजपा में हैं। भारतीय जनता पार्टी के प्रति उनकी आस्था जरूर हो सकती है मगर भाजपा सदस्य होने के लिए संगठन की जो सदस्यता प्रक्रिया है उसका पालन करते हुए प्राथमिक सदस्यता ग्रहण करनी होती है। हाल ही में भाजपा भिलाई में आनलाईन और आफ लाईन के माध्यम से डेढ़ लाख सदस्य बने हैं। प्रदेश संगठन ने जिन सदस्यों को एप्रुवल देते हुए जिन लोगों को प्राथमिक और सक्रिय सदस्यता दी है उनमें न तो जय प्रकाश यादव है और न ही संतोष सिंह उर्फ जालंधर। जयप्रकाश यादव को वर्ष 2023 में 6 वर्ष के लिए भाजपा से निष्कासित किया जा चुका है। ऐसी स्थिति में अगर वह खुद को राष्ट्रीय प्रवक्ता या भाजपाई सोशल मीडिया पर प्रचारित प्रसारित कर रहा है तो यह अपराध है।
आज एसपी से की गई शिकायत की प्रति जिलाध्यक्ष ने प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंहदेव, संगठन महामंत्री पवन साय, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल, दुर्ग संभाग प्रभारी भूपेंद्र सवन्नी, जिला प्रभारी संदीप शर्मा को भी दी गई है। भाजपा जिला कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में जिलाध्यक्ष के साथ महामंत्री बिजेंद्र सिंह और योगेंद्र सिंह भी मौजूद रहे।
The post खुद को राष्ट्रीय प्रवक्ता बताने वाले,भाजपा से निष्कासित, जय प्रकाश यादव की, एसपी से की गई शिकायत appeared first on Pramodan News.
