
भक्ति और मनोरंजन का संगम—पवनदीप राजन, गीता बेन रबारी और छत्तीसगढ़ी कलाकारों की प्रस्तुतियां
11 लाख रुपये का प्रथम पुरस्कार, महिला टीमों सहित देशभर से गोविंदा टोलियां शामिल
2010 के छोटे आयोजन से राष्ट्रीय पहचान तक—अब 16वें संस्करण में और भी भव्य रूप
सुरक्षा और सुविधाओं के पुख्ता इंतज़ाम, प्रतियोगिता पूर्णतः निःशुल्क
रायपुर। रायपुर की पावन धरा गुढ़ियारी इस वर्ष फिर एक ऐतिहासिक और भव्य आयोजन की साक्षी बनेगी। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर सार्वजनिक दही-हांडी उत्सव समिति एवं श्री हनुमान मंदिर ट्रस्ट के तत्वावधान में 17 अगस्त 2025, रविवार को अवधपुरी मैदान, श्रीनगर रोड, गुढ़ियारी में छत्तीसगढ़ का सबसे बड़ा दही-हांडी उत्सव आयोजित किया जाएगा।
11 लाख का प्रथम पुरस्कार
समिति के संयोजक बसंत अग्रवाल ने बताया कि प्रतियोगिता का विजेता 11 लाख रुपये का भव्य पुरस्कार प्राप्त करेगा। 50 लोगों की टोली को 11 हजार और 100 लोगों की टोली को 21 हजार रुपये की सांत्वना राशि भी दी जाएगी।
देशभर से पहुंचेगी गोविंदा टोलियां
इस आयोजन की ख्याति अब राष्ट्रीय स्तर तक पहुंच चुकी है। रायपुर, दुर्ग, राजनांदगांव, कवर्धा, बेमेतरा सहित छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों के साथ-साथ महाराष्ट्र, झारखंड, ओडिशा और मध्यप्रदेश से भी गोविंदा टोलियां शामिल होंगी। सह-संयोजक हेमेंद्र साहू ने बताया कि अब तक 25 से अधिक स्थानीय टोलियां, जिनमें महिला टीमें भी शामिल हैं, पंजीकरण करा चुकी हैं। महाराष्ट्र के माटुंगा, इंदौर और जबलपुर की प्रसिद्ध टीमें भी भाग लेंगी। प्रतियोगिता पूर्णतः निःशुल्क है।
भक्ति और मनोरंजन का संगम
उत्सव में दही-हांडी प्रतियोगिता के साथ भक्ति और संगीत का भी रंग चढ़ेगा। मंच पर प्रस्तुति देंगे—
पवनदीप राजन, इंडियन आइडल विनर
गीता बेन रबारी, प्रसिद्ध भजन गायिका
पूनम और दिव्या तिवारी, राष्ट्रपति सम्मानित छत्तीसगढ़ी कलाकार
इसके अलावा ओडिशा की पारंपरिक ‘घंटा बाजा’ प्रस्तुति और ग्रीस लगे खंभे पर चढ़ने की प्रतियोगिता भी दर्शकों को रोमांचित करेगी।
एक छोटे आयोजन से राष्ट्रीय पहचान तक
बसंत अग्रवाल ने बताया कि यह उत्सव वर्ष 2010 में महावीर स्कूल के पास एक छोटे से मैदान से शुरू हुआ था, जिसमें केवल मोहल्ले की कुछ समितियां भाग लेती थीं। आज यह आयोजन प्रदेश का सबसे बड़ा और प्रतिष्ठित दही-हांडी उत्सव बन चुका है। कोरोना काल के दो वर्षों के अवकाश के बाद यह अपने 16वें संस्करण में पहले से कहीं अधिक भव्यता और उल्लास के साथ लौट रहा है।
सुरक्षा और सुविधाओं के विशेष इंतज़ाम
दर्शकों के लिए विशाल बैठने की व्यवस्था, हर मोर्चे पर पुलिस बल की तैनाती, प्राथमिक उपचार केंद्र, एम्बुलेंस, और ट्रैफिक व्यवस्था हेतु प्रशासनिक सहयोग सुनिश्चित किया गया है। समिति ने स्पष्ट किया है कि प्रतियोगिता के दौरान किसी भी दुर्घटना की जिम्मेदारी संबंधित टोली की होगी।
आयोजन विवरण
तारीख: 17 अगस्त 2025, रविवार
समय: शाम 4 बजे से
स्थान: अवधपुरी मैदान, श्रीनगर रोड, गुढ़ियारी, रायपुर



