निवेशकों को सफलता और सुरक्षा की गारंटी: CM मोहन यादव

ग्रीन टेक्नोलॉजी व डिजिटल इनोवेशन से बनेगा विश्वस्तरीय निवेश गंतव्य
मध्यप्रदेश में निवेशकों के लिए सुरक्षित और अनुकूल माहौल सुनिश्चित
नई उद्योग और निवेश नीतियों से आसान हुआ निवेश, बढ़ा आकर्षण
30 लाख करोड़ निवेश और लाखों रोजगार सृजन का लक्ष्य तय
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने निवेशकों को भरोसा दिलाया है कि मध्यप्रदेश सरकार व्यापार-व्यवसाय की सफलता और सुरक्षा की गारंटी देती है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में निवेशकों के लिए हर प्रकार की अनुकूलता, बुनियादी सुविधाएं और सुरक्षित माहौल सुनिश्चित किया गया है।
डॉ. यादव ने बताया कि राज्य सरकार ने नई उद्योग और निवेश नीतियां लागू की हैं, जिनमें सिंगल विंडो सिस्टम, ऑनलाइन अप्रूवल और 18 प्रमुख नीतियों का समावेश है। इससे निवेश की प्रक्रिया सरल हुई है और प्रदेश उद्योगों के लिए आकर्षक गंतव्य बन रहा है।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि राज्य में लेबर की कोई समस्या नहीं है, बिजली व ग्रीन एनर्जी की पर्याप्त उपलब्धता है और सरकार निवेशकों की सुरक्षा को प्राथमिकता देती है।
हाल ही में आयोजित शिखर सम्मेलनों में प्रदेश ने 30 लाख करोड़ रुपये के निवेश और लाखों रोजगार सृजन का लक्ष्य तय किया है। विदेशी कंपनियों से कई समझौते भी हुए हैं।
डॉ. यादव ने स्पष्ट कहा कि “व्यापार की सफलता और निवेश की सुरक्षा सरकार की जिम्मेदारी है।” राज्य सरकार डिजिटल और ग्रीन टेक्नोलॉजी को बढ़ावा देकर मध्यप्रदेश को विश्वस्तरीय निवेश गंतव्य बनाने की दिशा में निरंतर काम कर रही है।

