छत्तीसगढ़रायपुर

मंत्रिपरिषद की बैठक में लिए गए महत्वपूर्ण निर्णय

शहीद एएसपी आकाश राव गिरेपूंजे की पत्नी को डीएसपी पद पर अनुकंपा नियुक्ति

सौर ऊर्जा नीति में संशोधन, निवेशकों को विशेष प्रोत्साहन व रियायतें

रीता शांडिल्य बनीं छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग की नई अध्यक्ष

वरिष्ठ मीडिया कर्मियों की सम्मान निधि राशि अब ₹20,000 प्रतिमाह

       रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में आज मंत्रालय महानदी भवन, नवा रायपुर में आयोजित मंत्रिपरिषद की बैठक में राज्यहित एवं जनकल्याण से जुड़े कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।

  1. शहीद एएसपी आकाश राव गिरेपूंजे की पत्नी को अनुकंपा नियुक्ति
    सुकमा जिले में नक्सल विरोधी अभियान के दौरान दिनांक 09 जून 2025 को शहीद हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री आकाश राव गिरेपूंजे की शहादत और अदम्य वीरता को सम्मानित करते हुए, उनकी पत्नी श्रीमती स्नेहा गिरेपूंजे को विशेष प्रकरण मानते हुए राज्य पुलिस सेवा में उप पुलिस अधीक्षक (डीएसपी) के पद पर अनुकंपा नियुक्ति प्रदान करने का निर्णय लिया गया।

  2. राज्य की सौर ऊर्जा नीति में संशोधन
    पारंपरिक ऊर्जा स्रोतों पर निर्भरता कम करने तथा गैर-पारंपरिक ऊर्जा उत्पादन को प्रोत्साहन देने के उद्देश्य से राज्य की सौर ऊर्जा नीति में आवश्यक संशोधन का अनुमोदन किया गया।

    • संशोधित नीति अब वर्ष 2030 तक लागू रहेगी या जब तक नई नीति जारी नहीं होती।

    • सौर ऊर्जा परियोजनाओं को राज्य औद्योगिक नीति के तहत प्राथमिकता उद्योग का दर्जा मिलेगा।

    • निवेशकों के लिए विभिन्न रियायतें एवं प्रोत्साहन जैसे ब्याज अनुदान, पूंजी लागत पर अनुदान, जीएसटी प्रतिपूर्ति, बिजली शुल्क में छूट, स्टाम्प शुल्क छूट, भूमि उपयोग शुल्क में रियायत, भूमि बैंक से जमीन लेने पर लाभ, अनुसूचित जाति/जनजाति, दिव्यांग, वरिष्ठ नागरिक एवं तृतीय लिंग समुदाय के उद्यमियों को अतिरिक्त छूट तथा मेगा और अल्ट्रा मेगा प्रोजेक्ट्स हेतु विशेष पैकेज का प्रावधान किया गया है।

  3. लोक सेवा आयोग के अध्यक्ष की नियुक्ति
    मंत्रिपरिषद ने सुश्री रीता शांडिल्य, जो वर्तमान में लोक सेवा आयोग की सदस्य एवं कार्यकारी अध्यक्ष हैं, को लोक सेवा आयोग के अध्यक्ष पद पर नियुक्त करने का निर्णय लिया।

  4. वरिष्ठ मीडिया कर्मियों की सम्मान निधि राशि में वृद्धि
    राज्य के सेवानिवृत्त वरिष्ठ मीडिया कर्मियों के लिए संचालित छत्तीसगढ़ वरिष्ठ मीडिया कर्मी सम्मान निधि के तहत दी जाने वाली राशि को 10 हजार रुपये प्रतिमाह से बढ़ाकर 20 हजार रुपये प्रतिमाह कर दिया गया है। इसकी घोषणा वर्ष 2025-26 के बजट में की गई थी।

Related Articles

Back to top button