
नंदिनी, अहिवारा। थाना नंदिनी नगर पुलिस ने बड़ी कार्यवाही करते हुए एल्युमिनियम वायर चोरी के मामले में 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से करीब 2000 किलोग्राम एल्युमिनियम वायर, एक बोलेरो वाहन, एक ई-रिक्शा और चार मोबाइल फोन सहित लगभग 10 लाख रुपये का माल जब्त किया गया है।
मामला अपराध क्रमांक 254/2025 धारा 305(ए), 317(2), 111 भारतीय न्याय संहिता के तहत दर्ज किया गया था। रिपोर्ट के अनुसार, दिनांक 6 अक्टूबर 2025 की रात 10 बजे से 7 अक्टूबर 2025 की सुबह 8 बजे के बीच, मुरमुंडा से अछोटी रोड स्थित राजपूताना केबल एंड कंस्ट्रक्शन प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के गोदाम से अज्ञात चोरों ने एल्युमिनियम वायर के दो बड़े बंडल काटकर चोरी कर लिए थे।
प्रार्थी बादल ठाकुर की रिपोर्ट पर पुलिस ने मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने संदेह के आधार पर कई लोगों से पूछताछ की, जिसमें चोरी में शामिल आरोपी पाए गए —
1. निलेश कुमार दास पिता कला दास (30 वर्ष), निवासी शारदा पारा, छावनी
2. राजकुमार नागपुर पिता हेमलाल नागपुर (41 वर्ष), निवासी शारदा पारा, छावनी
3. विजय चंद्राकर पिता रमेश चंद्राकर (40 वर्ष), निवासी श्याम नगर, छावनी
4. विनोद गुप्ता पिता रामनाथ गुप्ता (53 वर्ष), निवासी नयापारा, दुर्ग
5. खिलेश्वरी मंडल पति राजू मंडल (40 वर्ष), निवासी कचांदूर, जेवरा सिरसा
पुलिस ने आरोपियों से चोरी का सामान और घटनास्थल पर प्रयुक्त वाहन जब्त किए। आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है।
थाना प्रभारी ने बताया कि यह कार्यवाही पुलिस टीम की तत्परता और तकनीकी साक्ष्य के आधार पर की गई, जिससे बड़े चोरी गिरोह का भंडाफोड़ संभव हुआ।



