हज़ारों परिवार एक मंच पर: स्टेशन मरोदा में गोंडवाना समाज का शक्ति प्रदर्शन

दुर्ग-भिलाई। भिलाई के स्टेशन मरोदा क्षेत्र में गोंडवाना समाज द्वारा भव्य पारिवारिक मिलन समारोह का आयोजन उत्साह और गरिमा के साथ किया गया। कार्यक्रम में समाज के लोगों ने बड़ी संख्या में सहभागिता करते हुए अपनी सांस्कृतिक परंपराओं और सामाजिक मूल्यों के प्रति आस्था व्यक्त की।
समारोह के मुख्य अतिथि दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर रहे। उन्होंने अपने संबोधन में समाज की एकजुटता, शिक्षा और संस्कारों को सशक्त बनाने पर जोर दिया। विधायक ने कहा कि संगठित समाज ही प्रगति की दिशा तय करता है और गोंडवाना समाज की पहचान उसकी एकता और सामूहिक प्रयासों से ही बनी रहती है।
कार्यक्रम में पद्मश्री डॉ. आर. एस. बारले विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने गोंडवाना समाज के आयोजन की सराहना करते हुए इसे आपसी भाईचारे और सामाजिक समरसता को बढ़ाने वाला प्रयास बताया। उन्होंने कहा कि समाज की संस्कृति और परंपराएं हमें पूर्वजों की विरासत से जोड़ती हैं, जिन्हें संजोकर रखना आवश्यक है।
इस अवसर पर प्रदेश कार्यालय मंत्री राजू लाल नेताम, भाजपा जिलाध्यक्ष एवं भिलाई पार्षद तुलसीराम ध्रु, सहित अनेक जनप्रतिनिधि, पार्षदगण, सामाजिक कार्यकर्ता एवं समाज के वरिष्ठजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम में महिला एवं युवा वर्ग की भी उल्लेखनीय सहभागिता रही।
समारोह के अंत में समाजजनों ने आपसी संबंधों को और सुदृढ़ करने, सामाजिक विकास में सहयोग तथा गोंडवाना समाज को नई ऊंचाइयों तक ले जाने का संकल्प लिया। यह आयोजन समाज की एकता, संस्कार और संगठन शक्ति का सशक्त उदाहरण बना।



