विविध ख़बरें

शहर का विकास जरूरी है, लेकिन खेल मैदानों की बलि चढ़ा कर नहीं-रिकेश सेन

भिलाई नगर- वैशाली नगर विधायक रिकेश सेन ने जनभावनाओं और खिलाड़ियों के भविष्य को प्राथमिकता देते हुए संजय नगर तालाब के समीप स्थित खेल मैदान को बचाने के लिए बड़ा कदम उठाया है। विधायक की तत्काल पहल पर नगर पालिक निगम भिलाई द्वारा प्रस्तावित व्यावसायिक नीलामी को निरस्त करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही, विधायक ने उक्त मैदान के कायाकल्प और खिलाड़ियों की सुविधाओं के लिए 1 करोड़ रुपये की राशि देने की घोषणा की है।

रिकेश सेन ने बताया कि आज सुबह संजय नगर वार्ड-6 के युवाओं ने उनसे भेंट कर गुहार लगाई कि निगम संजय नगर के खेल मैदान की निलामी कर उसे लीज पर देने पहल कर रहा है। एमआईसी के प्रस्ताव बाद आनलाईन टेंडर प्रक्रिया चालू कर दी गई है। विधायक रिकेश सेन के संज्ञान में यह विषय आते ही वो तत्काल भिलाई निगम पहुंचे और प्रस्तावित टेंडर को तत्काल रोकने के निर्देश दिए।

नगर पालिक निगम भिलाई द्वारा संजय नगर तालाब के बाजू में स्थित खेल मैदान को व्यावसायिक कॉम्प्लेक्स निर्माण हेतु नीलाम करने की तैयारी की जा रही थी। इस पर कड़ा रुख अपनाते हुए विधायक ने स्पष्ट किया कि युवाओं और बच्चों के लिए खेलकूद का यही एकमात्र प्रमुख मैदान शेष है, जिसे किसी भी कीमत पर व्यावसायिक उपयोग के लिए नहीं दिया जाएगा।

विधायक ने चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि पूर्व में भी नगर पालिक निगम भिलाई द्वारा दक्षिण गंगोत्री सर्कस ग्राउंड जैसी महत्वपूर्ण जमीनों को बेच दिया गया जिससे शहर में मेला, सांस्कृतिक कार्यक्रम और युवाओं के खेल प्रशिक्षण के लिए जगह का अभाव हो गया है। संजय नगर के साथ हम ऐसा नहीं होने देंगे।

प्रमुख निर्णय और घोषणाएं

नगर पालिक निगम के एमआईसी प्रस्ताव पर प्रस्तावित नीलामी प्रक्रिया को विधायक श्री सेन ने कमिश्नर से चर्चा कर तत्काल प्रभाव से रोकने के निर्देश दिए हैं।रिकेश सेन ने कहा कि इस मैदान के विकास, बाउंड्री वॉल और खिलाड़ियों के लिए आधुनिक सुविधाओं हेतु विधायक निधि,प्रशासनिक मद से 1 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।विधायक रिकेश सेन के इस निर्णय से स्थानीय खिलाड़ियों और क्षेत्रवासियों में हर्ष की लहर है। उन्होंने स्पष्ट किया कि शहर का विकास जरूरी है, लेकिन खेल मैदानों की बलि चढ़ा कर नहीं।

रिकेश सेन को संजय नगर के युवाओं ने बताया कि कुछ जनप्रतिनिधि संजय नगर में अफवाह प्रचारित कर रहे हैं कि वैशाली नगर विधायक रिकेश सेन के निर्देश पर मैदान में काम्प्लेक्स बनाया जाएगा। विधायक ने कमिश्नर से चर्चा की तो बताया गया कि यह एमआईसी के प्रस्ताव पर प्रक्रिया शुरू की गई थी। विधायक ने तत्काल पुलिस अधीक्षक दुर्ग से चर्चा कर कहा, ऐसी अफवाह फ़ैलाने वाले लोगों पर तत्काल एफआईआर दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाए।

The post शहर का विकास जरूरी है, लेकिन खेल मैदानों की बलि चढ़ा कर नहीं-रिकेश सेन appeared first on Pramodan News.

Related Articles

Back to top button