Google Analytics —— Meta Pixel
छत्तीसगढ़दुर्ग-भिलाई

विकास पर विवाद—सीसी रोड निर्माण में अनियमितताओं को लेकर बढ़ा विवाद

       नंदिनी-अहिवारा। क्षेत्र के अंतर्गत जनपद पंचायत धमधा के ग्राम बागडुमर में 10 लाख रुपये की लागत से बने सीसी रोड निर्माण कार्य को लेकर विवाद गहरा गया है। निर्माण की गुणवत्ता और प्रक्रिया पर गंभीर सवाल उठाते हुए शिकायतकर्ता सुरेश बारले ने सरपंच दामिनी साहू के खिलाफ मुख्य कार्यपालन अधिकारी से शिकायत दर्ज कराई है।

       शिकायत में आरोप लगाया गया है कि मुख्यमंत्री घोषणा के तहत सुनील यादव के घर से गयाराम साहू के घर तक बनाई गई सीसी रोड में मानक गुणवत्ता का पालन नहीं किया गया। बताया गया है कि निर्माण में अच्छी सामग्री के बजाय घटिया स्तर की जिरा-गिट्टी का उपयोग किया गया, जिससे सड़क की मजबूती पर संदेह जताया जा रहा है।

       मामले को और गंभीर बनाते हुए यह भी आरोप है कि निर्माण कार्य को जनपद सदस्य भूपेंद्र साहू को ठेके पर दिया गया, जो नियमों के विरुद्ध बताया जा रहा है। इसके साथ ही सतनाम भवन (सामुदायिक भवन) के निर्माण कार्य को भी ठेके में देने की बात सामने आई है।
आवेदक ने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, निर्माण कार्य का भौतिक सत्यापन करवाने और जांच पूरी होने तक संबंधित भुगतान पर रोक लगाने की मांग की है। साथ ही दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की भी मांग की गई है।

       अब निगाहें प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी हैं कि इस मामले में कितनी तेजी से जांच होती है और आरोपों पर क्या निर्णय लिया जाता है।

Related Articles

Back to top button