गर्मी में निवासियों को पर्याप्त पानी उपलब्ध कराया जाएगा — ईश्वर सिंह ठाकुर

जामुल। नगर पालिका जामुल में पेयजल आपूर्ति को सुचारू रूप से बनाये रखने पूरी गंभीरता के साथ कार्य किया जा रहा है। इसके लिए नपा अध्यक्ष ईश्वर सिंह ठाकुर के अथक प्रयास से जामुल पालिका क्षेत्र में भीषण गर्मी में भी आम जनता को भरपूर पानी मिल रहा है। नपा अध्यक्ष ईश्वर सिंह ठाकुर ने बताया कि यह प्राकृतिक परिस्थिति है कि ग्रीष्म ऋतु में भूजल स्तर पर नीचे चला जाता है और इसी ऋतु में पानी की सर्वाधिक आवश्यकता होती है। इसी को ध्यान में रखते हुए दिशा समिति जिला दुर्ग की बैठक में पेयजल के संबंध जोरदार ढंग से अपनी बात रखी थी। साथ ही जिला कलेक्टर महोदय दुर्ग से अलग से मिलकर पेयजल समस्या के संबंध में चर्चा भी की थी। जिसके परिणाम स्वरूप जामुल से गुजरने वाले तांदुला मुख्य नहर में 25 एच.पी. की मोटर लगाकर उसे जामुल के फिल्टर प्लांट से, पाईप के द्वारा सीधे जोड़ा गया। जिसमें पानी सीधे फिल्टर प्लांट में जाने से नलों की धार में तेजी आयेगी, और पूरे जामुल की जनता को पर्याप्त पेयजल उपलब्ध होगा।
नपा अध्यक्ष ईश्वर सिंह ठाकुर ने बताया कि जामुल की आबादी बहुत बढ़ गई है और जहां पाईप लाईन नहीं पहुंची है या कहीं लो प्रेशर है वहां टेंकरों के माध्यम से पेयजल की आपूर्ति की जा रही है। फिल्टर प्लांट में नये पाईप कनेक्शन के समय पार्षद दीपक गुप्ता, मुख्य नगर पालिका अधिकारी रमाकांत साहू, उप अभियंता सचिन भागवत, वेदांत वर्मा सहित विद्युत विभाग के रवि चौहान, जल कार्य विभाग के दयालु जंघेल सहित अन्य कर्मचारीगण उपस्थित थे।



