——
छत्तीसगढ़रायपुरविविध ख़बरें

नगरीय प्रशासन सचिव की सख्ती: पीएम आवास और पीएम स्वनिधि योजनाओं में लापरवाही पर दिए कड़े निर्देश

जलभराव क्षेत्रों को चिन्हित कर सफाई करवाने के निर्देश ताकि वहां जलभराव दोबारा ना होने पाये

जोन कमिश्नरों को हर 15 दिनों में निर्माण कार्यों का निरीक्षण कर समीक्षा करने के निर्देश

सभी नियमित एवं प्लेसमेंट अधिकारियों कर्मचारियों को निर्धारित समय पर वेतन भुगतान करने के निर्देश

       रायपुर। राज्य शासन नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग सचिव श्रीमती आर. शंगीता ने रायपुर नगर निगम मुख्यालय भवन महात्मा गांधी सदन पहुंचकर चतुर्थ तल सामान्य सभा सभागार में अधिकारियों की बैठक लेकर रायपुर नगर निगम के कार्यों की समीक्षा कर आवश्यक निर्देश दिये। उन्होने रायपुर शहर की सफाई, पेयजल, स्ट्रीट लाईट सहित नागरिकों की मौलिक सुविधाएं से संबंधित कार्यों की प्रशासनिक व्यवस्था बेहत्तर बनाने जनहित में कार्य करने सभी जोन कमिश्नरो एवं स्वच्छ भारत मिशन अंतर्गत वार्ड प्रभारियों एवं नोडल अधिकारियों को अपनी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी को समक्षकर अच्छी तरह कर्तव्य निर्वहन करने कहा है।

       नगरीय प्रशासन एवं विकास सचिव ने अधिकारियों को स्वीकृत किंतु अप्रारंभ विकास कार्यों की समीक्षा कर तकनीकि कारण का समाधान कर शीघ्र विकास कार्य प्रारंभ करवाने के निर्देश दिये। हर 15 दिन में निर्माण कार्यों का निरीक्षण कर समीक्षा करने के निर्देश सभी जोन कमिश्नरों को दिये।

       नगरीय प्रशासन एवं विकास सचिव ने जल भराव क्षेत्रों को चिन्हित कर वहां निरीक्षण करके सफाई करवाकर यह सुनिश्चित करवाने निर्देशित किया है कि दोबारा उन स्थानो पर जल भराव ना होने पाये। नगरीय प्रशासन एवं विकास सचिव ने नगर निगम के सभी नियमित एवं प्लेसमेंट अधिकारियों कर्मचारियों को निर्धारित समय पर वेतन भुगतान करने की व्यवस्था कायम करने के निर्देश दिये है। उन्होने पीएम स्वनिधि योजना अंतर्गत राजधानी शहर रायपुर नगर निगम क्षेत्र में अधिक से अधिक संख्या में हितग्राहियों को लाभान्वित करने कार्य तेजी से करने के निर्देश दिये है।

       नगरीय प्रशासन एवं विकास सचिव श्रीमती आर. शंगीता ने रायपुर नगर निगम के अधिकारियों को रायपुर शहर की राष्ट्रीय स्वच्छ सर्वेक्षण में रैंकिंग सुधारकर बेहत्तर रैंकिंग प्राप्त करने स्वच्छ भारत मिशन अभियान अंतर्गत मेहनत की पराकाष्ठा करने कहा है। उन्होने रायपुर की सफाई व्यवस्था को राज्य की राजधानी के अनुरूप बनाने कहा है साथ ही डोर टू डोर कचरा कलेक्शन शत प्रतिशत क्षेत्र में प्रभावी तरीके से करने एवं कचरा परिवहन सुव्यवस्थित तरीके से निरंतर समीक्षा व निरीक्षण कर करवाने निर्देश दिये है। उन्होने प्रधानमंत्री आवास योजना अंतर्गत शासन के निर्देशानुसार नियमानुसार प्रक्रिया के तहत आवास निर्माण हेतु कार्य तेज गति से करने कहा है। नालंदा परिसर की व्यवस्था संबंधित क्षेत्र के जोन कमिश्नर को करने निर्देश दिए गए।

       राज्य नगरीय प्रशासन एवं विकास सचिव श्रीमती आर. शंगीता द्वारा रायपुर नगर निगम की गई समीक्षा बैठक के दौरान नगरीय प्रशासन एवं विकास संचालनालय के संचालक आर. एक्का, नगर पालिक निगम रायपुर के आयुक्त संबित मिश्रा, सूडा के मुख्य कार्यपालन अभियंता शशांक पाण्डेय, नगरीय प्रशासन एवं विकास संचालनालय के अपर संचालक एवं रायपुर जिला प्रभारी पुलक भट्टाचार्य, सूडा के अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी दुष्यंत कुमार रायस्त, सूडा तकनीकि प्रकोष्ठ के मुख्य अभियंता राजेश शर्मा, रायपुर संभाग नगरीय प्रशासन विभाग के संयुक्त संचालक एस. के. सुन्दरानी सहित नगर निगम रायपुर के अपर आयुक्त सर्वश्री लोकेश्वर साहू, पंकज के. शर्मा, विनोद पाण्डेय, श्रीमती कृष्णा खटीक, मुख्य अभियंता  संजय बागड़े, अधीक्षण अभियंता राजेश राठौर, इमरान खान, उपायुक्तगण, जोन कमिश्नरगण, कार्यपालन अभियंतागण, सभी विभागों के प्रभारी अधिकारीगण, सभी वार्ड प्रभारीगण, जोन स्वास्थ्य अधिकारीगण, जोन सहायक राजस्व अधिकारीगण की उपस्थिति रही।

Related Articles

Back to top button