विश्व आदिवासी दिवस पर निकली भव्य रैली, पारंपरिक वेशभूषा में उमड़ा आदिवासी समाज
भिलाई- विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर भिलाई में आदिवासी समाज ने इस वर्ष उत्साह और उमंग के साथ भव्य आयोजन किया। समाज की ओर से निकाली गई रैली में बड़ी संख्या में महिला-पुरुष, युवा और बच्चे शामिल हुए। पारंपरिक वेशभूषा, लोक संस्कृति और आदिवासी परंपराओं की झलक ने पूरे आयोजन को खास बना दिया।
भिलाई नगर विधायक देवेंद्र यादव भी आदिवासी समाज के इस उत्सव में शामिल हुए। उन्होंने समाज के लोगों के साथ माता रानी की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और सभी के लिये सुख-समृद्धि एवं खुशहाल जीवन की कामना की।
इस अवसर पर विधायक देवेंद्र यादव ने कहा कि आदिवासी समाज छत्तीसगढ़ की संस्कृति और पहचान की मजबूत नींव है। उनकी समृद्ध परंपराएं, कला, संस्कृति और जीवनशैली छत्तीसगढ़ की पहचान को और मजबूत बनाती हैं। विश्व आदिवासी दिवस अपनी इस गौरवशाली विरासत को याद करने और उसे आगे बढ़ाने का अवसर है।
उन्होंने कहा कि आदिवासी समाज के विकास और उनके अधिकारों के संरक्षण के लिए लगातार काम करने की जरूरत है। समाज की संस्कृति और परंपराओं को संरक्षित रखते हुए नई पीढ़ी को शिक्षा, रोजगार और विकास के बेहतर अवसर मिलें, यह हम सभी की जिम्मेदारी है।
विधायक ने विश्व आदिवासी दिवस पर समाज के सभी लोगों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भिलाई की पहचान हमेशा से सामाजिक एकता और भाईचारे की रही है। यहां हर समाज के लोग मिल-जुलकर अपनी संस्कृति और परंपराओं को उत्साह के साथ मनाते हैं। आदिवासी दिवस का यह आयोजन भी इसी सामाजिक एकता और सांस्कृतिक गौरव का सुंदर उदाहरण है।
रैली में पारंपरिक वेशभूषा में सजे महिला-पुरुषों और बच्चों ने हिस्सा लिया। आदिवासी संस्कृति की झलक और उत्साह से भरे माहौल ने आयोजन को यादगार बना दिया। विधायक देवेंद्र यादव ने भी समाज के लोगों के साथ तस्वीरें खिंचवाईं और आयोजन के लिए समाजजनों को बधाई दी।
The post विश्व आदिवासी दिवस पर निकली भव्य रैली, पारंपरिक वेशभूषा में उमड़ा आदिवासी समाज appeared first on Pramodan News.