सड़क हादसों के खिलाफ दुर्ग में बड़ा एक्शन, 15 दिनों में 1831 गौवंश को बचाया

दुर्ग। सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और यातायात व्यवस्था को सुरक्षित बनाने के लिए यातायात पुलिस दुर्ग एवं संबंधित नगर निगम द्वारा विशेष अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस उपमहानिरीक्षक/वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दुर्ग विजय अग्रवाल के निर्देश पर पिछले 15 दिनों से नेशनल हाईवे, सर्विस रोड और प्रमुख मार्गों पर संयुक्त कार्रवाई की जा रही है।
अभियान के दौरान सड़कों पर विचरण कर रहे गौवंश को चिन्हित कर उन्हें सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है। अब तक कुल 1831 गौवंश को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा चुका है। इससे गौवंश की सुरक्षा के साथ-साथ वाहन चालकों के लिए अचानक उत्पन्न होने वाले दुर्घटना के खतरे को कम करने में मदद मिल रही है।
यातायात पुलिस के अनुसार, प्रमुख मार्गों से गौवंश को हटाने से यातायात व्यवस्था अधिक सुरक्षित और सुगम बनाने में सहायता मिल रही है। मार्गों पर निगरानी और आवश्यक कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।
पशुपालकों से अपील
यातायात पुलिस दुर्ग ने पशुपालकों से अपील की है कि वे अपने गौवंश को सड़क पर खुला न छोड़ें। साथ ही आम नागरिकों से भी सड़क पर गौवंश दिखाई देने पर यातायात पुलिस अथवा नगर निगम को सूचना देने और सड़क सुरक्षा अभियान में सहयोग करने की अपील की गई है।



