बुर्का पहनकर घर में घुसे बदमाश, कट्टा दिखाकर की लूट, पुलिस ने आरोपियों को किया गिरफ्तार

बिलासपुर। बिलासपुर के कोटा थाना क्षेत्र में बुर्का पहनकर घर में घुसकर कट्टा दिखाते हुए लूट की वारदात का पुलिस ने खुलासा किया है। आरोपियों ने जैसवाल के घर को निशाना बनाया था। विरोध करने पर आरोपी मौके पर एयरगन और बुर्का छोड़कर फरार हो गए थे। मामले में पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और लूटे गए जेवरात के साथ उन्हें बेचकर हासिल की गई रकम भी बरामद की गई है।
इस पूरे मामले का खुलासा शुक्रवार को बिलसगुड़ी में एएसपी ग्रामीण मधुलिका सिंह और एसडीओपी कोटा नूपुर उपाध्याय ने किय्या। उन्होंने बताया घटना की शिकायत के बाद कोटा थाना पुलिस ने अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू की। एसपी के निर्देश पर पुलिस टीम आरोपियों की पतासाजी में जुटी थी। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंची।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी राकेश जयसवाल ने अपने साथी विक्की और सनी सिंह को बताया था कि उसे कट्टे की जरूरत है। इसके बाद सनी सिंह के साथ मिलकर कट्टा हासिल करने की योजना बनाई गई। सनी सिंह ने बताया कि उसका एक रिश्तेदार बीमा इलाके में रहता है और कट्टा बेचने का काम करता है। इसके बाद आरोपी वहां पहुंचकर कट्टा लेकर आए और उसे अपने पास रख लिया।
वारदात के दौरान आरोपियों ने बुर्के का इस्तेमाल कर जैसवाल के घर में लूट की। विरोध किए जाने पर आरोपी मौके पर एयरगन और भागते समय बुर्का छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल एयरगन और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया। जांच में आरोपियों की पुरानी गतिविधियां भी सामने आईं।
आरोपियों ने इससे पहले तखतपुर में एक ज्वेलरी शॉप में चोरी के गहने बेचने का प्रयास किया था। ज्वेलर्स ने बिल नहीं होने के कारण गहने लेने से इनकार कर दिया। इसके बाद आरोपियों ने हरि सोनी नाम के व्यक्ति को चोरी के गहने दिए। पुलिस के मुताबिक हरि सोनी ने यह जानते हुए कि गहने चोरी के हैं, उन्हें अपने पास रख लिया और बाद में बेच दिया।
पुलिस ने विवेचना के दौरान हरि सोनी से चोरी के गहने बेचकर हासिल की गई रकम बरामद कर ली है। मामले में आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और आगे की विवेचना जारी है। पुलिस को कुछ आरोपियों के पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड भी मिले हैं, जिनकी जानकारी जुटाई जा रही है। इस पूरे मामले में पुलिस टीम की कार्रवाई की सराहना करते हुए पुलिस अधीक्षक ने जांच में शामिल अधिकारी और कर्मचारियों को पुरस्कृत करने की घोषणा भी की है।



