गांजा तस्करों का प्लान फेल, गांजे में लगा दी आग, ANTF ने बचाया माल…

महासमुंद। जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन निश्चय” के तहत महासमुंद पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। बसना पुलिस और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) की संयुक्त टीम ने गांजा तस्करी के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 28.465 किलो गांजा, एक वेगनआर कार और मोबाइल फोन समेत कुल 18 लाख 53 हजार 250 रुपए का सामान जब्त किया गया है। पुलिस के अनुसार, कार्रवाई के दौरान आरोपियों ने पकड़े जाने के डर से कार में रखे गांजे और वाहन में आग लगाने का प्रयास किया था। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए कार का शीशा तोड़कर आग बुझाई और महत्वपूर्ण साक्ष्य सुरक्षित कर लिया। ओडिशा से गांजा लेकर जा रहे थे आरोपी जानकारी के अनुसार, महासमुंद पुलिस और ANTF की टीम जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए लगातार वाहन चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ओडिशा की ओर से एक काले रंग की वेगनआर कार क्रमांक MP 18 ZH 8555 तेज गति से बसना की ओर आ रही है। सूचना के आधार पर थाना बसना और ANTF की संयुक्त टीम ने बसना थाना के सामने सड़क पर नाकाबंदी कर वाहनों की जांच शुरू की। पुलिस को देखकर कार मोड़कर भागे इसी दौरान संदिग्ध कार पुलिस की नाकाबंदी के पास पहुंची। पुलिस को देखते ही चालक ने अचानक कार को मोड़ लिया और तेज रफ्तार से भागने का प्रयास किया। पुलिस और ANTF की टीम ने तुरंत कार का पीछा शुरू किया। भागते हुए आरोपियों ने ग्राम चोरभट्ठी से मेदनीपुर जाने वाले मार्ग पर कार रोक दी। पुलिस से बचने और साक्ष्य मिटाने की नीयत से आरोपियों ने कार के अंदर रखी गांजे से भरी बोरियों में आग लगा दी और वाहन को लॉक कर भागने लगे। पुलिस ने बचाया साक्ष्य पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए भाग रहे दो आरोपियों को दौड़ाकर पकड़ लिया। वहीं आसपास मौजूद ग्रामीणों की मदद से कार का सामने का शीशा तोड़ा गया और अंदर लगी आग को बुझाया गया। इस दौरान एक आरोपी जंगल का फायदा उठाकर फरार हो गया। आग बुझाने के बाद पुलिस ने कार की तलाशी ली। डिक्की में तीन अधजली प्लास्टिक की बोरियां मिलीं, जिनमें कुल 28.465 किलो गांजा बरामद किया गया। बलांगीर से शहडोल ले जा रहे थे गांजा पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे ओडिशा के बलांगीर निवासी विनोद राणा से गांजा लेकर मध्यप्रदेश के शहडोल में खपाने जा रहे थे। रास्ते में पुलिस की कार्रवाई देखकर उन्होंने कार वापस मोड़ी और पकड़े जाने के डर से गांजा व कार में आग लगाने की कोशिश की। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट और बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की है। गिरफ्तार आरोपी और फरार साथी गिरफ्तार आरोपियों की पहचान— 1. सुलभ सिंह परिहार (29 वर्ष) पिता- भारत सिंह परिहार, निवासी छोटी घोरहटी, थाना नागौद, जिला सतना (मध्यप्रदेश)। 2. सागर कुशवाहा (25 वर्ष) पिता- मोतीलाल कुशवाहा, निवासी कोनी टोला, थाना नागौद, जिला सतना (मध्यप्रदेश) के रूप में हुई है। वहीं फरार आरोपी की पहचान शिवा सिंह निवासी शहडोल (मध्यप्रदेश) के रूप में हुई है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। 18.53 लाख रुपए की संपत्ति जब्त पुलिस ने आरोपियों से 28.465 किलो गांजा, कीमत करीब 14 लाख 23 हजार 250 रुपए वेगनआर कार क्रमांक MP 18 ZH 8555, कीमत करीब 4 लाख रुपए दो मोबाइल फोन, कीमत करीब 30 हजार रुपए जब्त किए हैं। जब्त संपत्ति की कुल कीमत 18 लाख 53 हजार 250 रुपए बताई गई है।



