NSE IPO का अलॉटमेंट आज, 5.71 गुना सब्सक्राइब हुआ इश्यू

24 सितंबर को BSE पर लिस्ट होंगे शेयर; अलॉटमेंट न मिलने पर 23 सितंबर से रिफंड, ऐसे चेक करें स्टेटस
दिल्ली। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) के ₹22,569 करोड़ के IPO का अलॉटमेंट आज यानी 22 सितंबर को किया जाएगा। जिन निवेशकों को शेयर अलॉट नहीं होंगे, उनके पैसे 23 सितंबर से रिफंड किए जाएंगे। वहीं, जिन निवेशकों को शेयर मिलेंगे, उनके डीमैट अकाउंट में इसी दिन शेयर क्रेडिट होने की उम्मीद है। NSE के शेयर 24 सितंबर को BSE पर लिस्ट होंगे।
5.71 गुना सब्सक्राइब हुआ IPO
NSE के IPO को निवेशकों की ओर से कुल 5.71 गुना बोली मिली। इश्यू में 8.86 करोड़ शेयरों के मुकाबले 50.28 करोड़ शेयरों के लिए आवेदन आए।
क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (QIB) का हिस्सा सबसे ज्यादा 12.68 गुना सब्सक्राइब हुआ। नॉन-इंस्टीट्यूशनल इन्वेस्टर्स (NII) का कोटा 6.54 गुना और रिटेल निवेशकों का हिस्सा 1.35 गुना सब्सक्राइब हुआ।
तीन जगह से चेक कर सकते हैं अलॉटमेंट
अलॉटमेंट फाइनल होने के बाद निवेशक NSE, BSE या IPO के रजिस्ट्रार MUFG Intime India की वेबसाइट पर जाकर स्टेटस चेक कर सकते हैं। इसके लिए PAN नंबर या आवेदन से जुड़ी जानकारी दर्ज करनी होगी।
NSE वेबसाइट: IPO Bid Verification पेज पर जाकर ‘Equity & SME IPO bid details’ चुनें। इसके बाद ‘NSE’ सेलेक्ट कर PAN नंबर दर्ज करके सबमिट करें।
BSE वेबसाइट: IPO Allotment Status पेज पर जाएं। इश्यू टाइप में ‘Equity’ चुनें और इश्यू नेम में ‘National Stock Exchange of India Ltd’ का विकल्प चुनें। इसके बाद PAN नंबर डालकर स्टेटस देखें।
MUFG Intime India: रजिस्ट्रार की IPO स्टेटस वेबसाइट पर ‘National Stock Exchange of India Ltd’ चुनें। यहां PAN नंबर या एप्लिकेशन नंबर डालकर अलॉटमेंट की जानकारी देखी जा सकती है।
GMP में आई बड़ी गिरावट
अनलिस्टेड मार्केट में NSE के शेयर का ग्रे मार्केट प्रीमियम (GMP) करीब ₹65 बताया जा रहा है। SEBI की मंजूरी के समय GMP करीब ₹285 तक पहुंच गया था। बिडिंग शुरू होने के बाद यह घटकर ₹155 और अब ₹48 से ₹65 के दायरे में आ गया है।
ग्रे मार्केट के मौजूदा रुझान के आधार पर करीब ₹1,850 की लिस्टिंग का अनुमान लगाया जा रहा है। यह ₹1,785 के अपर प्राइस बैंड से करीब 3.64% अधिक है।
IPO की मुख्य जानकारी
इश्यू साइज ₹22,569 करोड़ है। प्राइस बैंड ₹1,700 से ₹1,785 प्रति शेयर रखा गया था। एक लॉट में 8 शेयर थे, यानी अपर प्राइस बैंड के हिसाब से न्यूनतम निवेश ₹14,280 था।



