——
छत्तीसगढ़

पेशाब करने के बहाने बाहर निकला 354 का आरोपी, पुलिस को चकमा देकर हुआ फरार

कोरबा: पसान थाना पुलिस की अभिरक्षा में मौजूद एक स्थायी वारंटी पुलिसकर्मियों को चकमा देकर फरार हो गया। आरोपी ने पेशाब करने की बात कहकर पुलिस से बाहर जाने की अनुमति ली और मौका मिलते ही वहां से भाग निकला। घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। फरार आरोपी की पहचान खीरचंद, पिता केवल सिंह, निवासी कुम्हारीसानी के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ धारा 354 के तहत मामला दर्ज था और वह इस प्रकरण में स्थायी वारंटी था। इसी मामले में पुलिस उसे अपनी अभिरक्षा में लेकर कार्रवाई कर रही थी।

पुलिस के मुताबिक अभिरक्षा के दौरान आरोपी ने पेशाब करने की बात कही। पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में बाहर जाने के दौरान उसने मौका देखकर वहां से दौड़ लगा दी और पुलिस की पकड़ से निकल गया। पुलिसकर्मियों ने आरोपी का पीछा कर उसे पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन वह फरार होने में कामयाब रहा। पुलिस अभिरक्षा से भागने के मामले में पसान पुलिस ने आरोपी खीरचंद के खिलाफ BNS की धारा 262 के तहत अलग से अपराध दर्ज किया है। अब पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है। फरार वारंटी की तलाश के लिए पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। पुलिस आरोपी के रिश्तेदारों और परिचितों से भी जानकारी जुटा रही है। जल्द ही आरोपी को पकड़ने का प्रयास किया जा रहा है।

Related Articles

Back to top button