——
छत्तीसगढ़रायपुर

परसदा में बाढ़ के बीच 60 लोगों का रेस्क्यू, SDRF ने बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को सुरक्षित निकाला

       दुर्ग। जिले के कुम्हारी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम परसदा के जगदीश बाड़ी में जलभराव के बीच फंसे 60 नागरिकों को SDRF एवं नगर सेना की टीम ने सफलतापूर्वक रेस्क्यू कर सुरक्षित राहत स्थल पहुंचाया। रेस्क्यू किए गए लोगों में बुजुर्ग, महिलाएं और बच्चे भी शामिल थे। राहत की बात यह रही कि घटना में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई।

जानकारी के अनुसार, 25 सितंबर की रात करीब 11:15 बजे जगदीश बाड़ी में जलभराव के कारण कई परिवारों के घिरने की सूचना जिला सेनानी, नगर सेना, अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवाएं दुर्ग को मिली। सूचना मिलते ही जिला सेनानी के निर्देश पर SDRF दुर्ग की टीम आवश्यक जीवनरक्षक उपकरणों के साथ मौके के लिए रवाना हुई।

टीम ने 26 सितंबर की सुबह 5:30 बजे से 7:30 बजे तक लगातार दो घंटे सघन रेस्क्यू अभियान चलाया। जलमग्न मकानों तक पहुंचने के लिए मोटर बोट (OBM) का इस्तेमाल किया गया। साथ ही लाइफ जैकेट, लाइफ रिंग और रेस्क्यू रोप्स की मदद से लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।

रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान कुल 60 नागरिकों को सकुशल बाहर निकाला गया, जिनमें बुजुर्ग, महिलाएं और बच्चे भी शामिल रहे। सभी लोगों को सुरक्षित राहत स्थल तक पहुंचाया गया है।

प्रशासन और SDRF की त्वरित कार्रवाई से रेस्क्यू अभियान सफलतापूर्वक पूरा हुआ। अधिकारियों के अनुसार, स्थिति पूरी तरह सामान्य और नियंत्रण में है तथा किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है।

Related Articles

Back to top button