——
नई दिल्लीभोपालराष्ट्रीय-अंतर्राष्ट्रीय ख़बरेंविविध ख़बरें

राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवकों ने सार्वजनिक स्थानों एवं तालाबों के आसपास चलाया व्यापक स्वच्छता अभियान 

भिलाई-श्री शंकराचार्य प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई द्वारा स्वच्छता से सेवा’ अभियान के अंतर्गत विभिन्न स्वच्छता एवं जनजागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। अभियान के तहत ‘स्वच्छ पाठशाला एवं स्वच्छता फॉर युवा’ कार्यक्रम में राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवकों ने परिसर की स्वच्छता के साथ साथ सार्वजनिक स्थानों एवं तालाबों के आसपास व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया।

स्वयंसेवकों ने श्रमदान करते हुए परिसर एवं सार्वजनिक स्थलों की साफ-सफाई की तथा लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। अभियान का मुख्य उद्देश्य नागरिकों में स्वच्छता के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना और स्वच्छ वातावरण के निर्माण में जनभागीदारी को बढ़ावा देना है। स्वयंसेवकों ने लोगों को यह संदेश भी दिया कि स्वच्छता केवल किसी एक व्यक्ति या संस्था की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक नागरिक का सामूहिक दायित्व है।

इस अवसर पर विश्वविद्यालय की कुलपति डॉ. स्मिता सेलट ने स्वयंसेवकों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि स्वच्छता अभियान को केवल विशेष अवसरों तक सीमित न रखकर इसे विद्यार्थियों की नियमित गतिविधि और जीवनशैली का हिस्सा बनाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि युवा शक्ति समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने की महत्वपूर्ण क्षमता रखती है। विद्यार्थियों द्वारा किए जा रहे स्वच्छता एवं जनजागरूकता कार्यों की सराहना करते हुए उन्होंने सभी स्वयंसेवकों को बधाई दी और भविष्य में भी इसी प्रकार सक्रिय सहभागिता के लिए प्रेरित किया।

राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. दीपक कुमार सिंह ने स्वयंसेवकों का नेतृत्व करते हुए उन्हें स्वच्छता अभियान के उद्देश्यों और सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति मार्गदर्शन दिया। उन्होंने कहा कि स्वच्छता के प्रति जागरूकता तभी सार्थक होगी, जब प्रत्येक नागरिक स्वयं आगे बढ़कर अपने आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखने की जिम्मेदारी स्वीकार करे।

अभियान के दौरान विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक श्रमदान किया और स्वच्छ परिसर, स्वच्छ सार्वजनिक स्थल तथा स्वच्छ पर्यावरण के निर्माण का संकल्प लिया। राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई द्वारा इस प्रकार की गतिविधियों को निरंतर आगे भी आयोजित किए जाने की दिशा में कार्य किया जा रहा है।

The post राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवकों ने सार्वजनिक स्थानों एवं तालाबों के आसपास चलाया व्यापक स्वच्छता अभियान  appeared first on Pramodan News.

Related Articles

Back to top button