——
छत्तीसगढ़रायपुरविविध ख़बरें

धमतरी में ड्यूटी के दौरान 112 आरक्षक की संदिग्ध मौत, पुलिस ने शुरू की जांच

धमतरी। रुद्री थाना क्षेत्र में डायल 112 में तैनात आरक्षक ओंकार सोनवानी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उनका शव रुद्री थाने के पास स्थित डायल 112 कंट्रोल रूम में मिला। बताया गया कि ओंकार सोनवानी, जो कुरुद के ग्राम बंगोली के रहने वाले थे, नाइट ड्यूटी पर तैनात थे। रात करीब 8 से 8:30 बजे के बीच वे कंट्रोल रूम के भीतर अचानक अचेत अवस्था में पाए गए। साथियों ने उन्हें तत्काल जिला अस्पताल धमतरी पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और कंट्रोल रूम का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू करते हुए घटनास्थल से जुड़े वैज्ञानिक और भौतिक साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसके साथ ही ड्यूटी के दौरान की परिस्थितियों और घटना से पहले आरक्षक की स्थिति को लेकर उनके साथियों से भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।

पुलिस के अनुसार, आरक्षक के शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और वैधानिक जांच के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल रुद्री थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। आरक्षक की अचानक मौत से पुलिस विभाग के साथ उनके गृहग्राम बंगोली में भी शोक का माहौल है।

Related Articles

Back to top button