कार से जोरदार टक्कर के बाद सड़क पर पलटी एंबुलेंस, मची अफरा-तफरी, तीन लोग घायल

कोंडागांव । जिले फरसगांव नेशनल हाईवे-30 पर फरसगांव चिचाड़ी पुल के पास शुक्रवार दोपहर कार और एंबुलेंस के बीच टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि एंबुलेंस सड़क पर पलट गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और कुछ देर के लिए सड़क पर जाम की स्थिति निर्मित हो गई।
जानकारी के अनुसार, एंबुलेंस जगदलपुर से धमतरी की ओर जा रही थी। इसी दौरान चिचाड़ी पुल के पास कार से उसकी टक्कर हो गई। हादसे में एंबुलेंस में सवार तीन लोग घायल हो गए। घायलों में दो लोगों को मामूली चोटें आई हैं, जबकि एक व्यक्ति के कमर के पास गंभीर चोट लगने की जानकारी सामने आई है।
घटना के बाद घायलों को तत्काल सहायता उपलब्ध कराते हुए 112 की मदद से उपचार के लिए फरसगांव अस्पताल पहुंचाया गया, जहां सभी घायलों का इलाज जारी है।
सड़क से पलटी एंबुलेंस हटाने में जुटी पुलिस
हादसे की सूचना मिलने के बाद फरसगांव पुलिस मौके पर पहुंची और सड़क पर पलटी एंबुलेंस को हटवाने की कार्रवाई में जुट गई, ताकि राष्ट्रीय राजमार्ग पर आवागमन को जल्द से जल्द सुचारू किया जा सके। फिलहाल घायलों का फरसगांव अस्पताल में उपचार जारी है। पूरे घटना को लेकर फरसगांव पुलिस जांच में जुटी!



