——
छत्तीसगढ़

पुरी में होटल बुकिंग के नाम पर साइबर ठगी, छात्रा के खाते से उड़ाए 90 हजार रुपये

गोबरा नवापारा। RAIPUR NEWS :  छत्तीसगढ़ के गोबरा नवापारा की एक 20 वर्षीय छात्रा साइबर ठगी का शिकार हो गई। ओडिशा के जगन्नाथ पुरी में धार्मिक यात्रा के दौरान ठहरने के लिए होटल की तलाश कर रही युवती से ठगों ने 90,249 रुपये ठग लिए। आरोपियों ने पहले होटल बुकिंग के लिए एडवांस भुगतान कराया और फिर रिफंड के नाम पर बार-बार पैसे ट्रांसफर करवाए। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

गूगल पर होटल तलाशते समय ठगी का शिकार हुई युवती

जानकारी के अनुसार, गोबरा नवापारा के सदर रोड निवासी तोषिबा सिन्हा 12वीं की पढ़ाई पूरी करने के बाद प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही हैं। सात अक्टूबर को उन्होंने जगन्नाथ पुरी की यात्रा के लिए इंटरनेट पर होटल तलाशा। इस दौरान उन्हें ‘एसकेएस बीच होटल स्पा’ नाम से एक वेबसाइट मिली। वेबसाइट पर दिए गए मोबाइल नंबर पर युवती ने वाट्सएप के जरिए संपर्क किया।

– Advertisement –

Ad image

आरोप है कि सामने वाले व्यक्ति ने दो दिन के कमरे का किराया 14 हजार रुपये बताया और बुकिंग के लिए 50 प्रतिशत अग्रिम राशि यानी 7 हजार रुपये क्यूआर कोड के माध्यम से भेजने को कहा। युवती ने रकम ट्रांसफर कर दी, लेकिन इसके बाद ठग ने बुकिंग रसीद देने के बजाय सिस्टम में तकनीकी खराबी का बहाना बना दिया।

रिफंड के नाम पर छह बार कराया भुगतान

आरोपी ने युवती से कहा कि तकनीकी समस्या के कारण रकम वापस की जा रही है और उसे दोबारा भुगतान करना होगा। पैसे वापस पाने की उम्मीद में युवती उसके निर्देशों का पालन करती रही। इस दौरान उससे 7,049 रुपये, दो बार 14,049 रुपये, फिर 28,099 रुपये और अंत में 19,999 रुपये ट्रांसफर कराए गए।

इस तरह छह अलग-अलग लेनदेन में युवती के खाते से कुल 90,249 रुपये निकल गए। इसके बावजूद न तो होटल की बुकिंग हुई और न ही रकम वापस मिली।

मोबाइल नंबर बंद होने पर हुआ ठगी का अहसास

काफी देर तक होटल की बुकिंग नहीं होने और आरोपी से संपर्क टूटने के बाद युवती को ठगी का एहसास हुआ। आरोपी का मोबाइल नंबर बंद आने लगा, जिसके बाद पीड़िता ने गोबरा नवापारा थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस ने संबंधित मोबाइल नंबर धारक के खिलाफ धोखाधड़ी और आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस मामले से जुड़े तथ्यों और लेनदेन की जांच कर रही है।

Related Articles

Back to top button