श्री शंकराचार्य प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी में “दैनिक जीवन में फिजियोथेरेपी का महत्व” विषय पर विशेष व्याख्यान का हुआ आयोजन
भिलाई- श्री शंकराचार्य प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी में प्राणीशास्त्र विभाग के तत्वावधान में ‘फिजियोथेरेपी का दैनिक जीवन में महत्व’ विषय पर विशेष व्याख्यान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विषय विशेषज्ञ डॉ. दुर्गेश शर्मा ने विद्यार्थियों को फिजियोथेरेपी की उपयोगिता, उसके विभिन्न पहलुओं तथा स्वस्थ जीवनशैली में इसकी महत्वपूर्ण भूमिका के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी।
डॉ. दुर्गेश शर्मा ने बताया कि फिजियोथेरेपी शरीर की गतिशीलता बनाए रखने, मांसपेशियों एवं जोड़ों से संबंधित समस्याओं में राहत प्रदान करने, शारीरिक क्षमता में सुधार करने तथा चोट या बीमारी के बाद पुनर्वास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने विद्यार्थियों को विभिन्न फिजियोथेरेपी तकनीकों की जानकारी देते हुए व्यावहारिक उदाहरण प्रस्तुत किए। साथ ही विद्यार्थियों को प्रायोगिक ज्ञान भी प्रदान किया, जिससे वे फिजियोथेरेपी के सिद्धांतों को दैनिक जीवन में उपयोग करने की प्रक्रिया को बेहतर ढंग से समझ सके।
कार्यक्रम की संयोजक डॉ. सुनीता शर्मा ने कहा कि विश्वविद्यालय की कुलपति डॉ. स्मिता सेलट के मार्गदर्शन में विद्यार्थियों के शैक्षणिक ज्ञान को समृद्ध करने तथा उनके व्यावहारिक कौशल के विकास के लिए निरंतर विशेषज्ञ व्याख्यान आयोजित किए जा रहे हैं। ऐसे आयोजन विद्यार्थियों को विषय विशेषज्ञों के अनुभवों से सीखने और सैद्धांतिक ज्ञान को व्यावहारिक रूप में समझने का अवसर प्रदान करते हैं।इस अवसर पर विज्ञान संकाय की डीन डॉ. प्राची नीमजे, विभागाध्यक्ष डॉ. चेतना, डॉ. चंद्राकर सहित अन्य शिक्षक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।
The post श्री शंकराचार्य प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी में “दैनिक जीवन में फिजियोथेरेपी का महत्व” विषय पर विशेष व्याख्यान का हुआ आयोजन appeared first on Pramodan News.

