छत्तीसगढ़ में आज बरस सकते हैं बादल, तेज हवाओं और बिजली गिरने की चेतावनी

मौसम केंद्र रायपुर के अनुसार, प्रभावित इलाकों में हवा की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। आकाशीय बिजली गिरने की भी संभावना है। बारिश का दायरा फिलहाल सीमित रहने के संकेत हैं।
रायपुर में रात का तापमान भी बढ़ा रहा गर्मी का अहसास
राजधानी में गुरुवार को दिन का तापमान 33.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह सामान्य से 1.1 डिग्री अधिक रहा। रात का पारा भी 24.4 डिग्री सेल्सियस पर पहुंचा, जो सामान्य से 2.3 डिग्री ऊपर था।
शुक्रवार को रायपुर में अधिकतम तापमान करीब 34 डिग्री और न्यूनतम 23 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। दिन में धूप बनी रह सकती है, जबकि दोपहर बाद या शाम के समय आंशिक बादल छाने की संभावना है।
दक्षिणी इलाकों में बौछारें, तापमान में बड़ी गिरावट के संकेत नहीं
दक्षिण छत्तीसगढ़ के एक-दो स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। अगले दिनों में भी कहीं-कहीं बौछारें पड़ने की संभावना बनी रहेगी। हालांकि, मौसम विभाग ने आगामी पांच दिनों में प्रदेश के अधिकतम और न्यूनतम तापमान में किसी बड़े बदलाव का अनुमान नहीं जताया है।
पेंड्रा रोड में सबसे कम न्यूनतम तापमान
प्रदेश में पेंड्रा रोड का न्यूनतम तापमान 18.2 डिग्री सेल्सियस रहा। अंबिकापुर में यह 18.8 डिग्री दर्ज किया गया। दूसरी ओर, दिन का अधिकतम तापमान जगदलपुर में 32.9 डिग्री, माना एयरपोर्ट और बिलासपुर में 32 डिग्री तथा दुर्ग में 31.2 डिग्री सेल्सियस रहा।
मानसून की वापसी के बाद भी बारिश की गुंजाइश
दक्षिण-पश्चिम मानसून 15 अक्टूबर को पूरे देश से लौट चुका है। फिलहाल दक्षिणी तटीय तमिलनाडु से ओडिशा तट के पास बंगाल की खाड़ी तक द्रोणिका बनी हुई है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान में दक्षिण छत्तीसगढ़ में बारिश की संभावना कायम है।
गरज-चमक शुरू होने पर खुले मैदान और पेड़ों के नीचे रुकने से बचें। सुरक्षित पक्के भवन में आश्रय लें।



