——
छत्तीसगढ़

कोरबा में दशहरा मेले में नकली नोट खपाने पहुंचे दो आरोपी गिरफ्तार, यूट्यूब से सीखा था छापने का तरीका

कोरबा : छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में दशहरा मेले के दौरान नकली नोट चलाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि जल्द अमीर बनने के लालच में दो लोगों ने यूट्यूब की मदद से नकली नोट छापने का तरीका सीखा और घर पर कलर प्रिंटर से 200-200 रुपये के नकली नोट तैयार किए। पुलिस ने मामले में दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

 

मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र के आरपी नगर फेस-1 स्थित दशहरा मैदान का है। मंगलवार को यहां दशहरा मेले का आयोजन किया गया था। मेले में शंभू शर्मा खिलौने की दुकान लगा रहा था। इसी दौरान एक ग्राहक को भुगतान में मिला 200 रुपये का नोट संदिग्ध लगा। नोट नकली होने की आशंका पर उसने पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर शंभू शर्मा को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से 200 रुपये के 15 नकली नोट बरामद किए गए। पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने अपने एक साथी के साथ मिलकर नकली नोट छापने की बात स्वीकार की।

पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने कथित तौर पर करीब 60 हजार रुपये के नकली नोट तैयार किए थे। इनमें से लगभग 57 हजार रुपये दशहरा मेले में खपाने की बात सामने आई है। आरोपियों ने 200 रुपये के नोट इसलिए चुने, ताकि बाजार में सामान्य लेन-देन के दौरान उन पर आसानी से किसी को शक न हो।

एएसपी लखन पटले के अनुसार, पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और नकली नोट तैयार करने व उन्हें बाजार में चलाने से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच जारी है।

Related Articles

Back to top button