नशे की गोलियों की तस्करी का खुलासा, 6 लाख की दवाइयों के साथ 3 आरोपी गिरफ्तार

बालोद। CG News : छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में पुलिस और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) की संयुक्त टीम ने नशीली दवाइयों के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 1,500 नशीली गोलियां बरामद की गई हैं, जिनकी कीमत करीब 6 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी इन गोलियों को बेचने के लिए ग्राहक की तलाश कर रहे थे
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने दी दबिश
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, जिले में नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में 27 अक्टूबर को बालोद थाने में पदस्थ निरीक्षक शिशुपाल सिन्हा को मुखबिर से सूचना मिली कि तांदुला नदी किनारे रामघाट मंदिर के पास कुछ लोग बाइक और स्कूटी में नशीली दवाइयां रखकर ग्राहक तलाश रहे हैं।
सूचना के आधार पर बालोद पुलिस और ANTF की संयुक्त टीम ने मौके पर दबिश दी। इस दौरान तीन संदिग्धों को पकड़कर तलाशी ली गई।
1,500 नशीली गोलियां बरामद
पुलिस ने आरोपियों की पहचान नवीन चावला, आशीष निर्मलकर और किशन बहादुर उर्फ नेपाली के रूप में की है। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से Nitrosun-10 (Nitrazepam Tablets IP) की 1,500 टैबलेट बरामद की गईं। इनकी कीमत लगभग 6 लाख रुपये आंकी गई है।
इसके अलावा आरोपियों के पास से नकदी, दोपहिया वाहन और मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर बताया कि वे नशीली गोलियां ओडिशा के भुवनेश्वर से लेकर आ रहे थे।
NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज
इस मामले में बालोद थाने में अपराध क्रमांक 0574/2026 के तहत NDPS एक्ट, 1985 की धारा 22(ग) में अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर नशीली दवाइयों की सप्लाई और इस कारोबार से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में जानकारी जुटा रही है।
पुलिस ने लोगों से की अपील
बालोद पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि नशीली दवाइयों की अवैध बिक्री या किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। साथ ही युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने और नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करने की अपील की गई है।



