CG- 2 युवकों की मौत : खून से सनी सड़क, यात्रियों से भरी बस ने बाइक सवार को कुचला, मौके पर दो युवकों ने तोड़ा दम

बलरामपुर। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला है। कुसमी-जशपुर मुख्य मार्ग पर यात्रियों से भरी एक तेज रफ्तार बस ने बाइक सवार दो युवकों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसा इतना भीषण था कि दोनों युवकों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। घटना की खबर मिलते ही मृतकों के परिवार में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मिली जानकारी के अनुसार, कुसमी थाना क्षेत्र के ग्राम कांची निवासी ननसू राम बरगाह अपने एक अन्य साथी राजू राम के साथ किसी काम से कुसमी आया था। गुरुवार की शाम दोनों अपनी बाइक से वापस अपने घर लौट रहे थे। तभी ग्राम गोविंदपुर के पास पहुंचे ही थे कि सामने से आ रही यात्रियों से भरी बस ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि, बस और बाइक दोनों की रफ्तार काफी तेज थी, जिसके कारण चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और यह भयानक हादसा हो गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवक उछलकर सिर के बल सीधे सड़क पर जा गिरे।
इस हादसे के समय दोनों में से किसी भी युवक ने हेलमेट नहीं पहना था। बिना हेलमेट होने के कारण दोनों के सिर में गंभीर अंदरूनी चोटें आईं, जिससे उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। स्थानीय लोगों ने बताया कि, यदि युवकों ने हेलमेट पहना होता, तो शायद उनकी जान बच सकती थी।
हादसे के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। घटना की सूचना कोटवार द्वारा कुसमी थाने को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों युवकों के शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए कुसमी अस्पताल भिजवाया। इसके साथ ही पुलिस ने फोन के जरिए घटना की जानकारी मृतकों के परिजनों को दी। हादसे की सूचना मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया है।
पुलिस ने बस को जब्त कर आरोपी चालक के खिलाफ केस दर्ज आगे की कार्रवाई रही है। बताया जा रहा है कि यह बस रोजाना अंबिकापुर से कुसमी और जशपुर होते हुए गुमला तक संचालित होती है। गुरुवार की शाम यह बस जशपुर की तरफ से यात्रियों को लेकर कुसमी की ओर आ रही थी, तभी यह हादसा गोविंदपुर के पास हुआ।



