
10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षाओं में बेहतरीन प्रदर्शन
रायपुर। छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों में संचालित प्रयास आवासीय विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने कड़ी मेहनत और अनुशासन से शानदार सफलता प्राप्त की है। माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा घोषित 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षाओं में प्रयास विद्यालय के बच्चों ने उल्लेखनीय प्रदर्शन किया है। 10वीं बोर्ड का परिणाम 99.3 प्रतिशत और 12वीं बोर्ड का परिणाम 97.22 प्रतिशत रहा। 10वीं में प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण छात्रों का प्रतिशत 96.45 और 12वीं में 82.02 प्रतिशत रहा है। पिछले वर्ष की तुलना में इस वर्ष का परीक्षा परिणाम काफी बेहतर है।
10वीं में 07 छात्रों ने मेरिट में स्थान बनाया
मेरिट में शामिल छात्र-छात्राओं की उपलब्धि
प्रयास आवासीय विद्यालय के 07 विद्यार्थियों ने इस वर्ष 10वीं बोर्ड की परीक्षा में मेरिट में स्थान बनाया है। इनमें प्रयास आवासीय विद्यालय, कांकेर के 04 विद्यार्थी- मयंक कोर्राम, पायल अधिकारी, वर्षा साहू और मल्लिका मरकाम शामिल हैं। इसके अलावा दुर्ग, जशपुर और कन्या प्रयास विद्यालय रायपुर से क्रमशः आर्या कश्यप, आयुष साहू और बॉबी मिंज ने भी मेरिट में स्थान प्राप्त किया है। प्रयास आवासीय विद्यालय, रायपुर, बस्तर, जशपुर, कांकेर और कोरबा का परीक्षाफल शत-प्रतिशत रहा है, जबकि दुर्ग, बिलासपुर और सरगुजा का परीक्षा परिणाम 95 प्रतिशत से अधिक रहा।
उत्कृष्ट प्रदर्शन और राष्ट्रीय स्तर पर सफलता
विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में छात्रों की कामयाबी
प्रयास आवासीय विद्यालय के छात्रों ने विगत वर्षों में विभिन्न राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय प्रतियोगी परीक्षाओं में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। अब तक प्रयास के 116 विद्यार्थी आईआईटी व समकक्ष, 328 विद्यार्थी एनआईटी व समकक्ष, 940 विद्यार्थी इंजीनियरिंग कॉलेज और 52 विद्यार्थी एमबीबीएस में चयनित हुए हैं। इसके अलावा सीए, सीएस, सीएमए में 29 और क्लैट में 04 विद्यार्थी को भी सफलता मिली है।
प्रयास योजना: आदिवासी बच्चों के सर्वांगीण विकास का संकल्प
मुख्यमंत्री बाल भविष्य सुरक्षा योजना का महत्वपूर्ण घटक
प्रयास योजना के तहत छत्तीसगढ़ राज्य के नक्सल प्रभावित जिलों के आदिवासी बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा, आवास, भोजन, खेल एवं मनोरंजन की सुविधा प्रदान की जाती है। इस योजना का मुख्य उद्देश्य बच्चों को रोजगार में स्थापित कर उनके जीवन में स्थायित्व लाना है। प्रयास आवासीय विद्यालयों में पढ़ने वाले बच्चे सामान्य परिवार से आते हैं, लेकिन विद्यालय के अनुशासन, शिक्षकों के मार्गदर्शन और बच्चों की मेहनत से यह विद्यालय प्रदेश में अपनी अलग पहचान बना चुके हैं।
प्रदेश में 14 प्रयास आवासीय विद्यालय संचालित
छत्तीसगढ़ में बढ़ती प्रयास विद्यालयों की संख्या
छत्तीसगढ़ में प्रयास आवासीय विद्यालयों की संख्या 14 हो चुकी है। इनमें रायपुर, बिलासपुर, सरगुजा, दुर्ग, बस्तर, कांकेर, कोरबा, जशपुर और बालोद जिले में विद्यालय संचालित किए जा रहे हैं। रायपुर जिले में बालक एवं कन्या हेतु पृथक-पृथक विद्यालय सडडू और गुढियारी में संचालित हैं।



