छत्तीसगढ़रायपुर

छत्तीसगढ़ के जेम पोर्टल से स्थानीय रोजगार को खतरा: कांग्रेस

भाजपा सरकार के नए निर्णय पर प्रदेश कांग्रेस का आरोप – गुजराती व्यापारियों को लाभ पहुंचाने की साजिश

       रायपुर। भाजपा सरकार के नए निर्णय के तहत छत्तीसगढ़ में जेम पोर्टल से सरकारी खरीदारी की प्रक्रिया शुरू की जा रही है, जिससे स्थानीय रोजगार पर संकट मंडरा रहा है। प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि इस कदम से राज्य के छोटे उद्योगों, व्यापारियों और कुटीर उद्योगों को बड़ा नुकसान होगा।

       भूपेश बघेल की कांग्रेस सरकार ने पहले सीएसआईडीसी के माध्यम से रेट कॉन्ट्रैक्ट निर्धारित कर सरकारी खरीदी करने का निर्णय लिया था, जिससे स्थानीय व्यवसायियों और युवाओं को रोजगार मिलता था। शुक्ला ने कहा कि भाजपा सरकार का जेम पोर्टल से खरीदारी का निर्णय गुजराती व्यापारियों और बाहरी भाजपाइयों को लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से लिया गया है।

       शुक्ला ने कहा कि जेम पोर्टल से सबसे ज्यादा सप्लाई गुजरात के व्यापारी करते हैं और यह निर्णय केंद्र सरकार के दबाव में लिया गया है, जिससे छत्तीसगढ़ के व्यवसायियों को नुकसान होगा। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि सीएसआईडीसी के रेट कॉन्ट्रैक्ट के माध्यम से सप्लाई में कोई भ्रष्टाचार नहीं होता था, बल्कि यह एक पारदर्शी व्यवस्था थी जिससे स्थानीय व्यवसायियों को संरक्षण मिलता था।

       कांग्रेस ने भाजपा सरकार से यह स्पष्ट करने की मांग की है कि सीएसआईडीसी के रेट कॉन्ट्रैक्ट में किस प्रकार भ्रष्टाचार होता था। शुक्ला ने कहा कि जेम पोर्टल के माध्यम से स्थानीय बेरोजगारों का रोजगार छीनकर मोटा कमीशन वसूलने की साजिश की जा रही है।

Related Articles

Back to top button