विविध ख़बरें

झारखंड में भाजपा के चुनाव प्रभारी शिवराज का हमला, JMM-कांग्रेस के चुनावी घोषणापत्र के 461 वादे निकले झूठे

रांची.

केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने रविवार को आरोप लगाया कि झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) और कांग्रेस ने पिछले विधानसभा चुनाव से पहले अपने घोषणा पत्र में कुल 461 वादे किए थे। लेकिन वे वादे झूठ के पुलिंदे के सिवा कुछ नहीं थे। झारखंड के लिए भाजपा के चुनाव प्रभारी चौहान पार्टी के एक कार्यक्रम में भाग लेने के लिए रांची में थे।

उन्होंने कहा, झामुमो ने अपने घोषणा पत्र में लोगों से 144 वादे किए थे। जबकि कांग्रेस ने 317 वादे किए थे। झामुमो-कांग्रेस गठबंधन ने कुल मिलाकर 461 वादे किए लेकिन वे झूठ के पुलिंदे के सिवा कुछ नहीं थे। चौहान ने कहा कि झामुमो ने अपने घोषणा पत्र में युवाओं को लाखों नौकरियां और 5000-7000 रुपये का बेरोजगारी भत्ता प्रदान करने का वादा किया था। उन्होंने कहा, राज्य में एक भी बेरोजगार युवा को अब तक लाभ नहीं मिला है। भाजपा नेता ने कहा कि इसी तरह पार्टी ने महिलाओं को कर्ज देने के लिए महिला बैंक बनाने और किसानों के लिए किसान बैंक बनाने का वाद किया था। उन्होंने आगे कहा, मैं गठबंधन सरकार से पूछना चाहता हूं कि राज्य में कितनी महिला और किसान बैंक स्थापित किए गए हैं। उन्होंने कहा कि सत्तारूढ़ सरकार ने झारखंड को पर्यटन के जरिए विकसित करने का वादा किया था, न कि खनन को बढ़ावा देकर। पर्यटन का विकास नहीं हुआ है। बल्कि खनन बड़े पैमाने पर हो रहा है। उन्होंने कहा, झामुमो ने पलामू, गढ़वा, गिरिडीह, चाईबासा, दुमका और देवघर को 25 हजार करोड़ रुपये की लागत से विश्वस्तरीय शहर बनाने का वादा किया था। मुख्यमंत्री को जवाब देना चाहिए कि इन छह शहरों के निवासियों को क्यों धोखा दिया गया। इससे पहले चौहान खिजरी विधानसभा क्षेत्र में कार्यकर्ताओं की सम्मान और विजय संकल्प सभा में शामिल हुए। प्रदेश भाजपा हाल ही में संपन्न हुए लोकसभा चुनावों की सफलता जश्न मनाने के लिए छह जुलाई से विधानसभा सीटवार कार्यकर्ता सम्मान और विजय संकल्प सभा का आयोजन कर रही है। भाजपा ने लोकसभा चुनाव में राज्य की आठ सीटों पर जीत दर्ज की। जबकि उसकी सहयोगी आजसू पार्टी को एक सीट पर जीत हासिल हुई। यह कार्यक्रम कल यानी 15 जुलाई तक चलेगा।

The post झारखंड में भाजपा के चुनाव प्रभारी शिवराज का हमला, JMM-कांग्रेस के चुनावी घोषणापत्र के 461 वादे निकले झूठे first appeared on Pramodan News.

Related Articles

Back to top button